national
लद्दाख: खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में मिलेगा 4% आरक्षण, जानें किसे मिलेगा लाभ

लद्दाख देश का पहला और एकमात्र केंद्र शासित प्रदेश बन गया है, जहां खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में 4% आरक्षण लागू होगा. इसके तहत पात्र खिलाड़ियों को भर्ती परीक्षा समेत सभी जरूरी पात्रता मानदंड पूरे करने के बाद आरक्षण का लाभ मिलेगा.
महिलाओं, एससी-एसटी समेत सभी वर्गों में लागू होगा आरक्षण
यह 4% आरक्षण Horizontal आरक्षण होगा. यानी इसका लाभ किसी एक सामाजिक वर्ग तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मौजूदा आरक्षण व्यवस्था के भीतर सभी वर्गों में लागू होगा. इसमें महिला, एससी, एसटी, ट्रांसजेंडर और दिव्यांग समेत विभिन्न श्रेणियों के पात्र खिलाड़ी शामिल हो सकेंगे.
किन खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ
बेहतरीन खिलाड़ी की श्रेणी में वे खिलाड़ी शामिल होंगे, जिन्होंने किसी राज्य या देश का प्रतिनिधित्व मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में किया हो. इसके अलावा सीनियर या जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप, राष्ट्रीय खेल, जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप, इंटर-यूनिवर्सिटी/खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ी भी पात्र होंगे. खेलो इंडिया विंटर गेम्स और खेलो इंडिया पैरा गेम्स के पदक विजेताओं को भी इस व्यवस्था में शामिल किया गया है. मान्यता प्राप्त इंटर-यूनिवर्सिटी प्रतियोगिताओं में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने वाले पात्र खिलाड़ियों और निर्धारित DoPT प्रावधानों के तहत योग्य शतरंज खिलाड़ियों को भी लाभ मिलेगा.
पदक विजेताओं को मेरिट में ज्यादा महत्व
नई व्यवस्था में केवल खेलों में भागीदारी ही नहीं, बल्कि उच्च स्तर की उपलब्धियों और पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अधिक महत्व दिया गया है. इसके लिए पात्र उम्मीदवारों की अलग स्पोर्ट्स मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी. इसमें उम्मीदवारों की उपलब्धि और प्रतियोगिता के स्तर के आधार पर मेरिट तय होगी.