Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बिहार में Gen Z से सीधा संवाद करेंगे चिराग पासवान, 24 सितंबर को ‘Youth BOLE TO कार्यक्रम ’, राहुल गांधी भी कर चुके हैं छात्रों से बात

INT News20 September 2026 at 01:51 pm

Youth BOLE TO: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से 24 सितंबर को पटना के वेटनरी कॉलेज मैदान में ‘Youth BOLE TO’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान बिहार के युवाओं, खासकर Gen-Z, से सीधे संवाद करेंगे. पार्टी के अनुसार, युवा शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास, उद्यमिता, तकनीक और डिजिटल दौर की चुनौतियों से जुड़े सवाल सीधे चिराग पासवान के सामने रख सकेंगे.

शिक्षा, रोजगार और तकनीक पर युवाओं से संवाद

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र विवेक ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी बात खुलकर रखने का मंच उपलब्ध कराना है. कार्यक्रम में युवाओं की समस्याओं, सुझावों और भविष्य से जुड़ी अपेक्षाओं पर चर्चा होगी.

बदलते डिजिटल दौर, नई तकनीक, स्टार्टअप, कौशल विकास और रोजगार के बदलते अवसर भी संवाद के प्रमुख विषयों में शामिल होंगे. पार्टी की ओर से कार्यक्रम के आयोजन और समन्वय की जिम्मेदारी युवा प्रकोष्ठ को दी गयी है.

Also Read : AK-47 आरोप से MLC चुनाव तक... मोकामा में बढ़ी अदावत, आमने-सामने आए अनंत सिंह-नीरज कुमार

मध्य प्रदेश में राहुल गांधी ने भी छात्रों से किया संवाद

युवाओं और छात्रों से संवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 19 सितंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से बातचीत की. इस कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की बात सुनी गयी. राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याओं और उनकी आवाज को सामने लाने पर जोर दिया.

यह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की पांचवीं कड़ी थी. इससे पहले इसी पहल के तहत कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम हो चुके हैं.

बिहार में युवाओं के मुद्दों पर बढ़ा फोकस

बिहार में भी शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास और करियर से जुड़े सवाल राजनीतिक संवाद के केंद्र में हैं. इसी पृष्ठभूमि में चिराग पासवान की ओर से 24 सितंबर को पटना में ‘Youth BOLE TO’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है.

इस कार्यक्रम में युवाओं को सीधे सवाल पूछने और अपने सुझाव रखने का अवसर देने की बात लोजपा (रामविलास) की ओर से कही गयी है.

सीवान में घायल छात्रों से भी मिले थे राहुल गांधी

इससे पहले सितंबर की शुरुआत में राहुल गांधी ने बिहार के सीवान में प्रदर्शन के दौरान घायल छात्रों और युवा प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की थी. उन्होंने प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर युवाओं की ओर से बतायी गयी बातों को सुना था.

इसे भी पढ़ें: जदयू चिकित्सा प्रकोष्ठ की नई टीम घोषित, 43 जिलाध्यक्षों समेत 120 से अधिक पदों पर मनोनयन, जानिए किसे मिली कौन सी जिम्मेदारी