समाचार · मध्य प्रदेश
महू-खंडवा गेज कन्वर्जन:ओंकारेश्वर रोड स्टेशन तक जल्द शुरू हो सकती है ट्रेनों की आवाजाही
महू-खंडवा गेज कन्वर्जन प्रोजेक्ट के तहत रेलवे ने गुरुवार को ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन पर सिग्नलिंग और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम की कमीशनिंग का कार्य पूरा कर लिया है। इसके साथ ही स्टेशन यार्ड और आसपास के हिस्सों में इलेक्ट्रिफिकेशन का काम भी अब अंतिम चरणों में पहुंच चुका है। यह कार्य पूरा होते ही सनावद से ओंकारेश्वर रोड के बीच ट्रेनों के संचालन का रास्ता साफ हो जाएगा। वर्तमान में रेलवे द्वारा खंडवा से सनावद के बीच ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। ओंकारेश्वर रोड स्टेशन पर रेलवे ट्रैक से संबंधित सीआरएस (कमीशन ऑफ रेलवे सेफ्टी) निरीक्षण पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब सिग्नलिंग सिस्टम की कमीशनिंग पूरी होने से स्टेशन को यात्री सेवा के लिए शुरू करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। स्टेशन भवन का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि प्लेटफॉर्म और यात्री सुविधाओं से जुड़े जरूरी इंतजाम भी संपन्न कर लिए गए हैं। शेष बची सुरक्षा प्रक्रियाओं और तकनीकी कार्यों को पूरा करने के बाद इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों की आवाजाही शुरू करने की आधिकारिक कार्रवाई की जाएगी। निर्माण, सिग्नलिंग, विद्युतीकरण व अन्य कार्यों की समीक्षा की
पश्चिम रेलवे के अपर मंडल रेल प्रबंधक कुंजीलाल मीणा ने अधिकारियों के साथ ओंकारेश्वर रोड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण, सिग्नलिंग, विद्युतीकरण और विद्युत विभाग से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बचे हुए सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। इंदौर-खंडवा रेल परियोजना के इस प्रमुख स्टेशन पर काम की गति तेज होने से ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में ट्रेन सेवा शीघ्र बहाल होने की उम्मीद बढ़ गई है।