समाचार · मध्य प्रदेश
नागद्वारी जा रहे श्रद्धालुओं की बाइक खाई में गिरी:वॉच टावर के पास हुआ हादसा; दो युवक घायल, एक की हालत गंभीर
छिंदवाड़ा से नागद्वारी यात्रा के लिए पचमढ़ी जा रहे श्रद्धालुओं की बाइक गुरुवार देर शाम तामिया क्षेत्र में वॉच टावर के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दो युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। अनियंत्रित होकर खाई में गिरी बाइक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से नागद्वारी यात्रा के लिए पचमढ़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वॉच टावर के पास बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खाई में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकालकर तामिया अस्पताल पहुंचाया। एक युवक की हालत गंभीर हादसे में एक युवक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। वहीं दूसरे युवक का भी तामिया अस्पताल में उपचार जारी है। डायल-112 की टीम में आरक्षक अशोक कुमार, आरक्षक अनिल भलावी और पायलट राहुल चौहान ने घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दस्तावेजों से पहचान की कोशिश दोनों घायल फिलहाल अपनी पहचान बताने की स्थिति में नहीं हैं। इसके चलते पुलिस को उनके नाम और पते की जानकारी नहीं मिल सकी है। पुलिस उनके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर पहचान करने और परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। नागद्वारी यात्रा के चलते बढ़ी भीड़ इन दिनों नागद्वारी यात्रा के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु पचमढ़ी की ओर पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ तामिया-पचमढ़ी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी बढ़ गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, गति नियंत्रित रखने और पहाड़ी मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।