समाचार · मध्य प्रदेश
सागर कलेक्टर कार्यालय के गेट पर युवकों में विवाद:बेल्ट से मारपीट के बाद बाइक पर बरसाए पत्थर; गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार
सागर में कलेक्टर कार्यालय के गेट नंबर-2 के बाहर गुरुवार को कुछ युवकों के बीच वाहन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। युवकों के बीच बेल्ट से मारपीट हुई। इसके बाद कुछ युवकों ने सड़क पर खड़ी एक बाइक पर पत्थर पटककर तोड़फोड़ कर दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। बेल्ट से मारपीट, बाइक पर पटके पत्थर वायरल वीडियो में कुछ युवक कलेक्टर कार्यालय के गेट के पास आपस में विवाद और मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान दो युवक हाथों में पत्थर लेकर आते हैं और सड़क पर खड़ी बाइक पर पत्थर पटक देते हैं। सड़क पर अचानक हुए विवाद और मारपीट को देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस पहुंची तो युवक हो चुके थे फरार घटना की सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट करने वाले युवक वहां से भाग चुके थे। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। वाहन सुधार को लेकर हुआ था विवाद प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवकों के बीच वाहन के सुधार कार्य को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। विवाद में शामिल एक युवक के केसली का रहने की बात सामने आई है। पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल से मिली जानकारी के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।