Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

CM मोहन यादव का बड़वानी दौरा:जन शिकायतों के निराकरण की करेंगे समीक्षा; किसानों-उद्यमियों और छात्रों से संवाद

INT News14 August 2026 at 07:38 am

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज शुक्रवार को 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' के तहत बड़वानी जिले के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 12:25 बजे ग्राम तलून स्थित हेलिपैड पहुंचेंगे। इसके बाद बड़वानी कलेक्टरेट सभागृह में जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। यहां सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त जन शिकायतों और आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करेंगे। सरकार की ओर से आम जनता की समस्याओं का समाधान, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लोक सेवाओं को निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराने को प्राथमिकता बताया गया है। बोरलाय स्कूल में सुविधाओं का निरीक्षण मुख्यमंत्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोरलाय का निरीक्षण भी करेंगे। यहां वे जिले के पहले मैथ्स पार्क, आईसीटी लैब, अटल टिंकरिंग लैब और स्मार्ट क्लास का अवलोकन कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेंगे। इसके बाद कलेक्टर कार्यालय परिसर में तीन संवाद सत्र आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री उद्यमियों, प्रगतिशील कृषकों और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से चर्चा करेंगे। संवाद के बाद वे प्रेस से भी बातचीत करेंगे। किसानों से खेती और पशुपालन पर चर्चा किसानों के साथ संवाद में कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। इसमें एचडीपीएस तकनीक से कपास की खेती, कस्टम हायरिंग सेंटर, एफपीओ, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, दुग्ध उत्पादन, निमाड़ी गायों का संरक्षण, मछली बीज और मछली पालन जैसे विषय शामिल हैं। किसान संघ के पदाधिकारियों से ई-टोकन व्यवस्था समेत अन्य मुद्दों पर भी चर्चा प्रस्तावित है। उद्यमियों और छात्रों से भी संवाद मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण, एग्रो इंडस्ट्रीज, कपास एवं जिनिंग उद्योग, नवीकरणीय ऊर्जा, वेस्ट मैनेजमेंट, इको-फ्रेंडली उत्पाद, विनिर्माण एवं नवाचार और स्टार्टअप क्षेत्र के उद्यमियों से भी चर्चा करेंगे। इसमें उनके काम, चुनौतियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर बातचीत होगी। दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक ट्रैफिक डायवर्ट मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया है। इंदौर/राजपुर से बड़वानी आने और बड़वानी से इंदौर/राजपुर जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। तलून क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से डायवर्जन के दौरान संयम और सहयोग की अपील की है।