Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

हनुमना के सरकारी दफ्तरों में कलेक्टर का निरीक्षण:नगर परिषद, एसडीएम और तहसील कार्यालय में लंबित मामलों की समीक्षा की

INT News16 November 2026 at 10:36 pm

मऊगंज कलेक्टर राजेश कुमार ओंगरे ने सोमवार को हनुमना के नगर परिषद, एसडीएम और तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने लंबित मामलों, जनसुनवाई के आवेदनों और नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की समीक्षा की। मुख्य बाजार में सीधी मार्ग की खराब स्थिति और जाम देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। टोल प्लाजा प्रबंधन को पांच दिन में सड़क मरम्मत शुरू करने के निर्देश दिए। सड़क मरम्मत नहीं होने पर जताई नाराजगी नगर परिषद कार्यालय में कलेक्टर ने अलग-अलग शाखाओं और रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था देखी। इसके बाद वे मुख्य बाजार पहुंचे और सीधी मार्ग की स्थिति का जायजा लिया। सड़क की मरम्मत नहीं होने और जाम की समस्या पर उन्होंने नाराजगी जताई। कलेक्टर ने हनुमना टोल प्लाजा के प्रबंध संचालक (एमडी) को पांच दिन के भीतर सड़क की मरम्मत शुरू करने के निर्देश दिए। ऐसा नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। उन्होंने वार्ड क्रमांक-7 में प्रस्तावित नए बस स्टैंड की जगह का निरीक्षण किया और वहां से अतिक्रमण हटाने को कहा। इस दौरान नगर परिषद अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, एसडीएम राजेश मेहता, सीएमओ सुरेश सोनवानी और तहसीलदार शिवम गौतम मौजूद रहे। लंबित राजस्व मामलों का समय पर निपटारा करने कहा सोमवार शाम कलेक्टर ने एसडीएम और तहसील कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने रिकॉर्ड रूम, अदालत से जुड़े मामलों और जनसुनवाई के आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों के राजस्व मामलों और आवेदनों का तय समय में निपटारा करें। सरकारी योजनाओं का लाभ भी लोगों तक समय पर पहुंचाएं। साथ ही कार्यालयों में सफाई और रिकॉर्ड के रखरखाव पर ध्यान देने के निर्देश दिए।