समाचार · पंजाब
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें:कृपाण से काटकर बेटी की हत्या, पूर्व मंत्री की बेटी की रिसेप्शन में पहुंचे दिग्गज नेता; परिवार ने स्नैचर पर रखा इनाम
नमस्कार, पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर बेटी की हत्या से जुड़ी रही। पिता ने कृपाण से काटकर बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद फरार हो गया। बेटी 12वीं क्लास में पढ़ती थी। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें… इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. पिता ने कृपाण से काटकर बेटी की हत्या की होशियारपुर में आज (गुरुवार को) एक पिता ने अपनी 17 साल की बेटी की हत्या कर दी। उसने बेटी को कृपाण से काटा और मौके से भाग निकला। मृतका 12वीं क्लास में पढ़ती थी। सूचना मिलने पर थाना हरियाणा की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी बेटा न होने से नाराज रहता था। पुलिस ने मृतका की मां के बयान पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामला हरियाणा कस्बे के धूत कलां गांव का है। मृतका इंद्रप्रीत कौर सरकारी स्कूल धूत कलां में पढ़ती थी। गुरबाणी सदस्यों के मुताबिक वह पढ़ाई में बहुत होशियार थी। (पढ़ें पूरी खबर) 2. युवक की मौत पर हंगामे के मामले में प्रदर्शनकारियों पर FIR मानसा में शव छीनकर भागने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस का आरोप है कि 30-40 हथियारबंद लोगों की भीड़ शव छीनकर भाग गई। उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की तो भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया। इस दौरान लोहे की रॉड मारकर एक जवान का सिर फोड़ दिया गया। हालांकि जो वीडियो सामने आए हैं उसमें पुलिस खुद शव लेकर भागते हुए नजर आ रही है। वहीं दूसरी तरफ प्रदर्शनकारियों और मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि पुलिस टीम शव को जबरन कब्जे में लेकर चली गई। वह तो उसे मानसा में परविंदर सिंह झोटा के समर्थन में चल रहे धरने में ले जाना चाहते थे। परिवार का कहना था कि दलजीत की मौत नशे के कारण हुई और गांवों में नशा आसानी से उपलब्ध है। उन्होंने नशा तस्करों पर कार्रवाई की मांग की। (पढ़ें पूरी खबर) 3. दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट पर विवाद पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर विवादों में घिर गए हैं। उनके कॉन्सर्ट को लेकर शिकायत दी गई है, जिसमें शराब और नशे से जुड़े सॉन्ग गाने पर रोक लगाने की मांग की गई है। इनमें 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके' और 'जेब विचों फीम लब्बीया' जैसे सॉन्ग शामिल है। इसके साथ ही कॉन्सर्ट के दौरान बच्चों को स्टेज पर आमंत्रित करने पर रोक लगाने की मांग की गई है। बता दें कि, दिलजीत दोसांझ के ऑरा इंडिया टूर 2026 के तहत दिल्ली में 30 अक्टूबर को लाइव कॉन्सर्ट होगा। यह कार्यक्रम जवाहरलाल नेहरू (JLN) स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। दिलजीत दोसांझ करीब 2 साल बाद फिर से इंडिया टूर कर रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 4. प्रॉपर्टी डीलर पर 8 हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की लुधियाना में रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद मां और साढ़े 3 साल के बेटे के साथ घर लौट रहे युवक पर करीब 8 हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। ये लोग इनोवा कार में सवार थे। आरोप है कि हमलावरों ने युवक पर 5 से 6 गोलियां चलाईं। इस दौरान कार में भी गोलियां लगीं। हमलावरों ने युवक के सिर पर दातर से वार कर उसके बाल काट दिए और पिस्तौल के बट से भी हमला किया। युवक ने किसी तरह कार भगाकर अपनी, मां और बेटे की जान बचाई और सिविल अस्पताल पहुंचा। पीड़ित ने बताया कि वह कांग्रेस पार्टी से जुड़ा था। अब केवल प्रॉपर्टी डीलिंग करता है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश बताई। पीड़ित का आरोप है कि करीब एक साल पहले भी इन्हीं हमलावरों ने उसके घर पर आकर हमला किया था और गोलियां चलाई थीं। (पढ़ें पूरी खबर) 5. खड़े ट्रक से टकराया ऑटो, 2 की मौत जालंधर में नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक से ऑटो की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में 2 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई। ऑटो में सवार सभी लोग मजदूर थे, जो काम के सिलसिले में लुधियाना से जालंधर जा रहे थे। ऑटो में करीब 10 से 12 मजदूर सवार थे। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है। (पढ़ें पूरी खबर) 6. दूध ₹3 किलो महंगा, 1 नवंबर से लागू होंगे नए रेट लुधियाना में 1 नवंबर से दूध की कीमतें बढ़ने जा रही हैं। हैबोवाल और ताजपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स के डेयरी मालिकों ने दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है। शहर में दूध 3 रुपए प्रति किलो तक महंगा हो जाएगा। हैबोवाल डेयरी के प्रधान कुलदीप सिंह लहरिया ने बताया कि शहर में दूध बेचने वाले सभी बूथ पर 3 रुपए प्रति किलो का इजाफा किया जा रहा है, जबकि क्रीम डेयरी वालों के लिए फैट के रेट में 30 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। सभी डेयरी मालिकों से अपनी जिम्मेदारी समझते हुए इन नए रेट्स को लागू करने की अपील की गई है। कीमतों में इस वृद्धि का मुख्य कारण पशुओं की फीड महंगी होना बताया गया है। डेयरी संचालकों के अनुसार पिछले कुछ समय में तूड़ी, दाना और हरे चारे (पठ्ठे) के रेट बहुत ज्यादा बढ़ गए हैं। हर चीज महंगी होने के कारण डेयरी मालिकों के लिए अपने घर का गुजारा चलाना भी मुश्किल होता जा रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. बेड पर पड़ी मिली नाबालिग की लाश फाजिल्का में घर में बेड पर नाबालिग का शव मिला। ग्रामीणों ने बताया कि चिट्टे से युवक की मौत हुई है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मृतक की पहचान अभिजोत सिंह (17) के रूप में हुई है। गांव के बाज सिंह, गुरदास सिंह, वकील सिंह ने कि अभिजोत 10वीं पास था। परिवार के सदस्य जब उसकी तलाश करते हुए गांव के एक घर में पहुंचे तो वह वहां बेड पर मृत अवस्था में मिला। अभिजोत सिंह के पिता हरजिंदर सिंह की भी करीब सवा साल पहले मौत हो गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके पिता की मौत भी चिट्टे के नशे के कारण हुई थी। उस समय उनका शव नहर के किनारे मिला था। अब परिवार में अभिजोत की मां और दादी रह गई हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 8. पूर्व मंत्री की बेटी की रिसेप्शन में पहुंचे दिग्गज नेता पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री एवं BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल की बेटी रिया बादल के वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। चंडीगढ़ में बुधवार रात को आयोजित संगीत और रिसेप्शन पार्टी में दिग्गज नेता पहुंचे। इसमें शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह, सांसद हरसिमरत कौर बादल, बिक्रम सिंह मजीठिया, पंजाब बीजेपी के प्रधान केवल ढिल्लों और संदीप जाखड़ समेत अन्य नेता पहुंचे। रिया की शादी जम्मू-कश्मीर के अंतिम शासक महाराजा हरि सिंह के परपोते और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. कर्ण सिंह के पोते रणविजय कुंवर मार्तंड सिंह के साथ हो रही है। आनंद कारज 4 नवंबर को नई दिल्ली में होंगे। कुछ दिन पहले मनप्रीत बादल ने परिवार के साथ पीएम नरेंद्र मोदी का निमंत्रण दिया था। (पढ़ें पूरी खबर) 9. कारोबारी पर फायरिंग, बेटी की गर्दन में फंसी गोली लुधियाना में गुरुवार तड़के करीब 4 बजे बदमाशों ने कार सवार रेत कारोबारी पर फायरिंग कर दी। इसमें फिरोजपुर के रहने वाले रेत कारोबारी जसपाल और उनकी बेटी प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए लुधियाना के डीएमसी (DMC) अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कारोबारी अपनी बहन से मिलकर वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार एल्डिको चौकी के पास रुकी, बाइक पर सवार होकर आए 3 युवकों ने उन पर गोलियां चला दीं। हमलावरों ने कार के आगे से 2 गोलियां चलाईं। पहली गोली सीधे कार के बोनट पर जा लगी। वहीं, दूसरी गोली जसपाल की छाती को छूते (रगड़ खाते) हुए उनकी बेटी प्रिया की गर्दन में जा धंसी। (पढ़ें पूरी खबर) खबरा जरा हटके… 10. मोबाइल-चेन झपटने वाले की जानकारी दो, ₹10 हजार पाओ जालंधर में स्नैचर महिला से मोबाइल फोन और सोने की चेन झपटकर भाग गया। महिला अपने घर के बाहर सीढ़ियों पर बैठी थी। इसी दौरान स्नैचर बाइक पर आया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। स्नैचर ने अपना मुंह ढका हुआ था। परिजनों ने बताया कि फोन और चेन की कुल कीमत लगभग ₹1.35 लाख है। उन्होंने स्नैचर की जानकारी देने वाले को ₹10 हजार का इनाम देने का ऐलान किया है। महिला ने बताया कि स्नैचर ने पहले इलाके की रेकी की थी। उन्होंने बताया कि 35 हजार का रुपए मोबाइल और गले में करीब एक तोले की सोने की चेन पहनी थी। घटना की सूचना मिलने के लगभग आधा घंटा बाद थाना रामा मंडी की पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)