समाचार · मध्य प्रदेश
छतरपुर में एक सप्ताह में पति-पत्नी दोनों की मौत:दो बच्चियां अनाथ, पत्नी की पीलिया से, पति की सड़क हादसे में गई जान
छतरपुर जिले में एक ही सप्ताह के भीतर पति-पत्नी दोनों की असमय मौत से दो मासूम बेटियां अनाथ हो गईं। 21 अक्टूबर को पीलिया के कारण पत्नी की मौत हो गई, जिसके ठीक सात दिन बाद 28 अक्टूबर को सड़क हादसे में पति की भी जान चली गई। टीकमगढ़ जिले के खरगापुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 20 वर्षीय विनीता अहिरवार को पीलिया बिगड़ने पर 21 अक्टूबर को छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया था। पत्नी की मौत के ठीक सात दिन बाद, 28 अक्टूबर की शाम 22 वर्षीय सीताराम अहिरवार बाइक से देरी गांव जाते समय सड़क हादसे का शिकार हो गए। मासूम बेटियों के सिर से उठा साया सीताराम और विनीता की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। उनकी डेढ़ साल और एक साल की दो छोटी बेटियां हैं। महज एक सप्ताह के भीतर माता-पिता दोनों को खो देने से दोनों मासूमों के सिर से साया उठ गया है। इस घटना से परिवार सदमे में है। 29 अक्टूबर को छतरपुर जिला अस्पताल में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा व संबंधित दस्तावेज तैयार किए हैं, जिन्हें आगामी जांच के लिए टीकमगढ़ जिले के संबंधित थाने भेजा जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।