समाचार · मध्य प्रदेश
सतना में बड़े भाई ने छोटे भाई को चाकू मारा:जमीन के पैसों का विवाद, 10 दिन पहले भी हुई थी मारपीट
सतना के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के उमरी में जमीन की बिक्री से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर दो भाइयों में विवाद हुआ। गुरुवार शाम बड़े भाई मृगेंद्र पांडे ने छोटे भाई नागेन्द्र पांडे पर चाकू से हमला कर दिया। 37 वर्षीय नागेन्द्र जिला अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी मौके से फरार हो गया। नागेन्द्र पिता रामगोपाल पांडे उमरी में बड़े हनुमान मंदिर के पीछे रहते हैं। उनके मुताबिक, कुछ समय पहले पिता ने जमीन बेची थी। आरोप है कि बिक्री से मिले पैसे बड़े भाई मृगेंद्र ने अपने पास रख लिए थे। नागेन्द्र अपने हिस्से के पैसे मांग रहे थे। इसी बात पर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। करीब 10 दिन पहले भी इस बात पर मारपीट हुई थी। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 4 बजे नागेन्द्र अपने पिता से जमीन की बिक्री के पैसों के बंटवारे पर बात कर रहे थे। इसी दौरान मृगेंद्र चाकू लेकर पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। चाकू का वार कमर के ऊपर लगा। नागेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस नागेन्द्र को जिला अस्पताल लेकर पहुंची। वहां उन्हें भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।