समाचार · मध्य प्रदेश
भाजपा 2 नवंबर को पैदल मार्च निकालेगी:हरदा में कांग्रेस और विपक्षी दलों के खिलाफ अभियान, 10 हजार लोगों के शामिल होने का दावा
हरदा में भाजपा 2 नवंबर को कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ पैदल मार्च निकालेगी। पार्टी ने इसमें करीब 10 हजार लोगों के शामिल होने का दावा किया है। मार्च के बाद परशुराम चौक पर जनसभा होगी। गुरुवार को भाजपा कार्यालय में पूर्व कैबिनेट मंत्री कमल पटेल, जिलाध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा और मीडिया प्रभारी दीपक नेमा ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि पार्टी ने कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार और लोगों को गुमराह करने की कोशिश के खिलाफ ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान शुरू करने का फैसला किया है। नेताओं के मुताबिक, पैदल मार्च संत रविदास चौक से शुरू होगा। इसमें हर वर्ग और अलग-अलग क्षेत्रों में काम करने वाले लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल युवाओं को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर चुनाव में हार के बाद ईवीएम, निर्वाचन आयोग और वोटर लिस्ट पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में पहले 11 बार संशोधन किया जा चुका है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल बिना सबूत भाजपा और चुनाव आयोग पर आरोप लगाकर अराजक स्थिति बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी इसके जवाब में कई कार्यक्रम करेगी और लोगों के साथ सड़क पर उतरेगी।