Thursday, 29 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

एसपी ने ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी से किया सतर्क:मंडला के कॉलेज में साइबर अपराध; नशे और सड़क सुरक्षा पर संवाद

INT News29 October 2026 at 05:50 pm

मंडला के रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में जन सुरक्षा–युवा सृजन संवाद कार्यशाला हुई। इसमें विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, नशे और सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी के निर्देशन में हुई कार्यशाला में पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कानून के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। एसपी ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से सतर्क रहने को कहा। उन्होंने समझाया कि कम समय में पैसा दोगुना करने या अधिक मुनाफा देने वाली योजनाओं पर भरोसा करने से पहले व्यक्ति और संस्था की विश्वसनीयता जांचें। डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की जरूरत है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और महिला संबंधी अपराधों पर जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीश चतुर्वेदी ने आपराधिक न्याय व्यवस्था के बारे में बताया। महिला थाना प्रभारी ममता परस्ते और उपनिरीक्षक आकांक्षा उर्मालिया ने महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। साइबर सेल प्रभारी राजेंद्र बिसेन ने साइबर सुरक्षा और डिजिटल नागरिकता की जानकारी दी। सूबेदार योगेश राजपूत ने सड़क सुरक्षा और हिंसा रोकने पर बात रखी। कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. टीपी मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में युवाओं को जागरूक रहने और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।