समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर के मेला ग्राउंड में सजीं पटाखों की 350 दुकानें:गोल्डन रैबिट, हेलीकॉप्टर और ओरियो की नई वैरायटी; खरीदारी पर मिल रहे गिफ्ट-गैजेट्स
ग्वालियर में दीपावली नजदीक आते ही मेला ग्राउंड में पटाखों का बाजार सज गया है। यहां 350 से ज्यादा दुकानें खुल चुकी हैं। बाजार में पारंपरिक पटाखों के साथ कई नई वैरायटी भी उपलब्ध हैं। गोल्डन रैबिट, हेलीकॉप्टर, ओरियो, वाटरमेलन और मल्टीकलर रॉकेट ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। दुकानदार खरीदारी पर गिफ्ट और गैजेट्स के ऑफर भी दे रहे हैं। महंगाई के बावजूद कुछ लोग बच्चों की फरमाइश और त्योहार के लिए अपना बजट बढ़ाकर खरीदारी कर रहे हैं। एक पटाखे में मिल रहे तीन-चार तरह के फंक्शन पटाखा व्यापारी रौनक जैन के मुताबिक, इस बार बाजार में मल्टीफंक्शनल पटाखों की नई रेंज आई है। इनमें एक ही पटाखे में कई तरह के इफेक्ट देखने को मिलेंगे। गोल्डन रैबिट में गोल्डन अनार, क्रैकलिंग और सीटी के तीन फंक्शन हैं। वहीं, हेलीकॉप्टर पटाखे बच्चों के आकर्षण का केंद्र हैं। वाटरमेलन अनार से खुशबू के साथ रंग और क्रैकलिंग का इफेक्ट मिलेगा। ओरियो बिस्किट की डिजाइन वाले अनार और क्रैकर्स भी बाजार में उपलब्ध हैं। इसके अलावा एक ही रॉकेट में चार से पांच रंगों के इफेक्ट देखने को मिलेंगे। महंगाई के बावजूद बच्चों की पसंद पर खर्च पटाखों की खरीदारी करने डबरा से ग्वालियर आए पंकज ने बताया कि महंगाई का असर तो है, लेकिन बच्चों की फरमाइश भी पूरी करनी है। इसलिए वे करीब 5 से 7 हजार रुपए के पटाखे खरीद रहे हैं। उनका कहना है कि त्योहार पर बच्चों की खुशी के लिए खर्च करना पड़ रहा है। खाड़ी देशों में युद्ध से पटाखों की सप्लाई प्रभावित दुकानदारों के मुताबिक, खाड़ी देशों में युद्ध के चलते कच्चे तेल के दाम बढ़े हैं। इससे पटाखों का माल कम आ रहा है और किराया भी ज्यादा लग रहा है। उनका कहना है कि इस वजह से पटाखे महंगे बिक रहे हैं। गिरवाई नाके पर बाजार नहीं लगने से बढ़ी परेशानी ग्वालियर में इस बार गिरवाई नाके पर पटाखा बाजार नहीं लगा है। दुकानदारों के मुताबिक, अब ग्राहकों को एक ही जगह आना पड़ रहा है, जिससे उन्हें पटाखे महंगे लग रहे हैं। खरीदारी पर गिफ्ट और गैजेट्स के ऑफर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने विशेष ऑफर शुरू किए हैं। अधिक मात्रा में पटाखे खरीदने पर ग्राहकों को गिफ्ट और गैजेट्स दिए जा रहे हैं। व्यापारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक बाजार में खरीदारी और बढ़ेगी। रौनक जैन का कहना है कि इस बार प्रशासन की ओर से ग्रीन पटाखों को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। उनके अनुसार, दुकानों पर 100 डेसीबल से कम आवाज वाले पटाखे ही रखे गए हैं। सुरक्षा के लिए दुकानों पर किए इंतजाम व्यापारी के मुताबिक, मेला ग्राउंड में करीब 400 दुकानों के लाइसेंस जारी हुए हैं, जिनमें से लगभग 350 दुकानें खुल चुकी हैं। सुरक्षा के लिहाज से दुकानों पर अग्निशमन यंत्र, पानी की बाल्टियां और रेत की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की निगरानी में बाजार संचालित किया जा रहा है। अब दीपावली तक ग्राहकों की संख्या बढ़ने के साथ पटाखा कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।