Wednesday, 4 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा! स्कूल और सरकारी कार्यालयों के पास खड़े हैं दर्जनों सूखे पेड़

INT News4 November 2026 at 01:56 pm

कुड़ू (लोहरदगा): प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय कुड़ू के आसपास सूखे पेड़ दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं. सूखे पेड़ों को हटाने के लिए विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने कई बार वन विभाग व प्रखंड प्रशासन को लिखित और मौखिक सूचना दी है. इसके बावजूद अब तक इन्हें हटाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है. इससे स्कूली छात्राओं, शिक्षकों, सरकारी कार्यालयों में आने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है.

बताया जाता है कि प्रखंड कार्यालय चौक पर कार्यालय अवधि के दौरान आम लोगों की लगातार आवाजाही रहती है. इसके अलावा आसपास गुरुकुल अकादमी, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय टाकू, प्रोजेक्ट बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय संचालित हैं. परिसर के समीप कुड़ू लैम्पस का कार्यालय भी है. ऐसे में इस इलाके में प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम लोगों का आना-जाना लगा रहता है.

ये भी पढ़ें: लोहरदगा के होली फेथ पब्लिक स्कूल में इंटरनेशनल जीके ओलंपियाड, 20 बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

हवा के झोंकों से टूटकर गिर रहीं सूखी डालियां

कस्तूरबा विद्यालय और प्रखंड परिसर के आसपास करीब तीन दर्जन पेड़ पूरी तरह सूख चुके हैं. हवा चलने पर इन पेड़ों की सूखी डालियां टूटकर गिरती रहती हैं. पिछले दिनों अर्नब चक्रवाती तूफान के बाद कस्तूरबा विद्यालय परिसर का एक पेड़ टूटकर विद्यालय भवन पर गिर गया था. गनीमत रही कि इस घटना में किसी तरह की जान-माल की क्षति नहीं हुई. हालांकि, इस घटना के बाद भी सूखे पेड़ों को हटाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है. विद्यालय की वार्डन ने अंचल अधिकारी सह प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी संतोष उरांव को लिखित आवेदन देकर परिसर में मौजूद सूखे पेड़ों को हटाने की मांग की है. विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि इन पेड़ों से छात्राओं और विद्यालय परिसर की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंता बनी हुई है.

वन विभाग से मांगी गई है रिपोर्ट

मामले में सीओ संतोष उरांव ने बताया कि वन विभाग को इसकी सूचना दी गई है. विभाग से सूखे पेड़ों का मूल्यांकन कर रिपोर्ट मांगी गई है. रिपोर्ट मिलने के बाद सूखे पेड़ों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जायेगी. वहीं, वन विभाग के एक कर्मी ने बताया कि सूखे पेड़ों का मूल्यांकन किया जा रहा है. एक सप्ताह के भीतर प्रक्रिया पूरी कर रिपोर्ट अंचल कार्यालय को सौंप दी जायेगी. इसके बाद सूखे पेड़ों को हटाने का काम शुरू होगा.

ये भी पढ़ें: पलामू: पिता से मिलने जा रहा पुलिस जवान स्टेशन पर बेहोश होकर गिरा, हालत गंभीर