Friday, 7 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नौकरी नहीं मिली तो इंदौर पुलिस बनी सहारा:मूक-बधिर गोविंद को खुलवाई चाय की दुकान; बीट स्टाफ रखेगा नजर

INT News7 August 2026 at 06:51 pm

इंदौर की हीरानगर पुलिस ने मानवीयता का परिचय देते हुए एक मूक-बधिर व्यक्ति को शुक्रवार को सुखलिया इलाके में चाय की दुकान खुलवाकर दी। बताया जाता है कि पूरा परिवार मूक-बधिर है। बोलने और सुनने में दिक्कत होने के चलते गोविंद को कहीं नौकरी नहीं मिल पा रही थी। ऐसे में उसकी मदद के लिए पुलिस आगे आई और चाय की दुकान खुलवाकर रोजगार का साधन उपलब्ध कराया। वहीं, बीट के पुलिसकर्मियों ने उसकी दुकान का ध्यान रखने की जिम्मेदारी भी ली है। हीरानगर टीआई सुशील पटेल ने बताया कि मूक-बधिर गोविंद यादव, निवासी गौरी नगर, कुछ दिन पहले ज्ञानेंद्र पुरोहित के साथ उनके पास पहुंचे थे। ज्ञानेंद्र पुरोहित मूक-बधिर लोगों के लिए तुकोगंज में सहायता केंद्र चलाते हैं। उन्होंने बताया कि गोविंद के परिवार में उसकी पत्नी और दो बच्चे हैं। सभी बोल और सुन नहीं पाते हैं। ऐसे में उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, रोजगार को लेकर भी समस्या बनी हुई थी। पुलिस ने पहले गोविंद के लिए नौकरी की बात की और उसे पेट्रोल पंप पर काम दिलवाया, लेकिन बोलने-सुनने में दिक्कत के चलते उसे वहां भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद वरिष्ठ अफसरों से बात कर शुक्रवार को गोविंद के लिए सुखलिया इलाके में चाय की दुकान खुलवाई गई। गुमटी से लेकर चाय बनाने और बेचने का पूरा सामान हीरानगर पुलिस ने उपलब्ध कराया। दुकान पर गुंडे या अन्य लोग उसे परेशान न करें, इसके लिए बीट के पुलिसकर्मियों को आने-जाने के दौरान नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, क्षेत्रीय पार्षद को भी गुमटी के संबंध में जानकारी दी गई है। पुलिस की इस मदद के लिए गोविंद ने इशारों में धन्यवाद दिया। मौके पर थाने का स्टाफ भी चाय पीने पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने चाय पीने के बाद गोविंद को पैसे भी दिए।