समाचार · पंजाब
फरीदकोट में 10 लाख रंगदारी मांगने वाले 2 अरेस्ट:केमिस्ट की दुकान पर लॉरेंस-गोल्डी बराड़ गैंग के नाम का लेटर फेंक दी थी धमकी
फरीदकोट पुलिस ने कोटकपूरा में केमिस्ट से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उक्त दोनों आरोपी लॉरेंस बिश्नोई व गोल्डी बराड़ के नाम से चिट्ठी लिख रंगदारी मांगते थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कोटकपूरा के सुरगपुरी निवासी निवासी अरुण कुमार और मोहल्ला हरनामपूरा निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सिटी कोटकपूरा में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि कोटकपूरा निवासी करण अरोड़ा ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी, वह अपने पिता परमजीत कुमार के साथ जैतों रोड पर डॉ सेठी अस्पताल के पास आशीर्वाद मेडिकल नाम से केमिस्ट की दुकान चलाते हैं। बीती 7 अगस्त 2026 को सुबह करीब 8 बजे उन्होंने दुकान का शटर खोला तो वहां एक टाइप किया हुआ पत्र मिला। पत्र में खुद को लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गैंग से जुड़ा बताते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी और 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा-निर्देशों पर पुलिस टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी साधनों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस ने अरुण कुमार और पंकज कुमार को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि जिला पुलिस की ओर से किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलते ही उसे जल्द से जल्द ट्रेस करने के प्रयास किए जाते हैं। इस मामले में भी सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को काबू किया है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है कि आरोपियों का वास्तव में लॉरेंस बिश्नोई या गोल्डी बराड़ गैंग के साथ कोई संबंध है या नहीं। पूछताछ के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसे भी मामले में नामजद कर गिरफ्तार किया जाएगा।