Friday, 23 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

खरगोन के बलवाड़ी में शुरू हुई मिर्च मंडी:पहले दिन 1,811 रुपए किलो बिकी लाल मिर्च, 900 क्विंटल आवक

INT News23 October 2026 at 01:57 pm

खरगोन जिले के बलवाड़ी में शुक्रवार से मिर्च मंडी शुरू हो गई। खरगोन की बेड़िया मंडी के बाद जिले की यह दूसरी मिर्च मंडी है। पूर्व कृषि राज्यमंत्री और खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने पूजन कर नीलामी शुरू कराई। पहले दिन निर्यात योग्य डंडी कट सुर्ख लाल मिर्च 1,811 रुपए प्रति किलो के भाव से बिकी। इसे किसान प्रोसेसर्स ने खरीदा। इसके बाद मिर्च के भाव 125 से 155 रुपए प्रति किलो तक रहे। मंडी में करीब 900 क्विंटल मिर्च की आवक हुई। देखें तस्वीरें… स्पर्धा बढ़ने से किसानों को बेहतर भाव मिलने की उम्मीद विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि मंडी में व्यापारियों के बीच स्पर्धा बढ़ने से किसानों को ऊंचे भाव मिलेंगे। देश-प्रदेश के निर्यातक यहां आएंगे। उन्होंने बलवाड़ी मंडी को देश की नंबर वन मिर्च मंडी बनाने की बात कही। इस मंडी से खरगोन के साथ भगवानपुरा, सेगांव और भीकनगांव क्षेत्र के किसानों को स्थानीय बाजार मिलेगा। इस मौके पर मंडी व्यापारी संघ के अध्यक्ष मनजीतसिंह चावला, कैलाश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में व्यापारी और किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे। 80 से 150 किमी दूर मंडियों में नहीं जाना पड़ेगा मिर्च उत्पादक किसान दिनेश पाटीदार ने बताया कि पहले लाल मिर्च बेचने के लिए बेड़िया, धामनोद और इंदौर की मंडियों में जाना पड़ता था। ये मंडियां 80 से 150 किलोमीटर दूर हैं। वहां जाने और मिर्च बेचने में दो दिन तक लग जाते थे। अब स्थानीय मंडी शुरू होने से किसानों का समय और परिवहन खर्च बचेगा। नीलामी में स्पर्धा बढ़ने से बेहतर भाव मिलने की भी उम्मीद है। एशिया, यूरोप और अमेरिका तक जाती है जिले की मिर्च विधायक पाटीदार ने बताया कि जिले में अच्छी किस्म की मिर्च पैदा होती है। इसका निर्यात एशिया के साथ यूरोप और अमेरिका तक होता है। बलवाड़ी में मंडी शुरू होने से किसानों को नजदीक बाजार मिलेगा। साथ ही व्यापारियों और आयातकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। 65 एकड़ में विकसित की गई मंडी मंडी सचिव शर्मिला निनामा ने बताया कि बलवाड़ी में 25 एकड़ अतिरिक्त जमीन लेकर कुल 65 एकड़ क्षेत्र में मिर्च मंडी विकसित की गई है। यहां किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।