समाचार · हरियाणा
हिसार में हुड्डा का सरकार पर हमला:पूर्व CM बोले- तुम लोग साथ दो, अड़ंगा डालने वालों को कोहनी मारना जानता हूं
पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हिसार जिले के अग्रोहा में आयोजित कांग्रेस के ब्लॉक स्तरीय सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से सरकार के खिलाफ संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “आप सभी मेरा साथ दे दो, अड़ंगा डालने वालों को कोहनी मारना मैं अच्छी तरह जानता हूं।” हुड्डा ने कहा कि कुछ लोगों का काम अड़ंगा डालना है, लेकिन अब संघर्ष का समय आ गया है। यदि कार्यकर्ता साथ दें तो अग्रोहा की धरती से ही नए संघर्ष की शुरुआत की जा सकती है। हुड्डा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान हरियाणा विकास के विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में था, जबकि भाजपा के शासन में प्रदेश बेरोजगारी, अपराध, नशे, भ्रष्टाचार और कर्ज जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 2005 से 2014 के कार्यकाल में प्रति व्यक्ति आय, निवेश, रोजगार सृजन, सरकारी नौकरियों, किसानों को फसलों का उचित मूल्य, खिलाड़ियों के सम्मान और कानून-व्यवस्था सहित कई क्षेत्रों में हरियाणा को आगे ले जाने का काम किया गया। 5.50 लाख करोड़ रुपए के कर्ज का उठाया मुद्दा हुड्डा ने दावा किया कि 1966 में हरियाणा बनने से लेकर वर्ष 2014 तक प्रदेश पर करीब 70 हजार करोड़ रुपए का कर्ज था, जो अब बढ़कर 5.50 लाख करोड़ रुपए हो गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी राशि कर्ज लेने के बावजूद प्रदेश में बड़े विकास कार्य क्यों दिखाई नहीं दे रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में न मेट्रो का अपेक्षित विस्तार हुआ, न नई रेलवे लाइन और न ही बड़े स्तर पर मेडिकल कॉलेज व शिक्षण संस्थान स्थापित किए गए। कर्ज के आंकड़े और विकास कार्यों को लेकर हुड्डा के ये दावे सम्मेलन में उनके द्वारा रखे गए। उन्होंने सरकार पर विभिन्न क्षेत्रों में घोटालों के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता इन सवालों का जवाब चाहती है। साथ ही उन्होंने किसानों, युवाओं और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दे भी उठाए। किसानों और युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन किसानों की आय बढ़ने के बजाय खेती की लागत बढ़ती चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को फसलों का उचित भाव मिलने में परेशानी हो रही है और कई बार खाद के लिए भी परेशानी उठानी पड़ती है। युवाओं का मुद्दा उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को नियमित सरकारी रोजगार देने के बजाय अस्थायी रोजगार के भरोसे छोड़ा जा रहा है। उन्होंने हरियाणा कौशल रोजगार निगम की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस युवाओं और बेरोजगारी के मुद्दे को हर मंच पर उठाएगी। कानून-व्यवस्था पर हुड्डा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति का असर निवेश और रोजगार पर भी पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार के सामाजिक प्रगति सूचकांक का हवाला देते हुए भी सरकार को घेरा। ‘नरेश सेलवाल विधानसभा में उठा रहे जनता की आवाज’ हुड्डा ने उकलाना विधायक नरेश सेलवाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उकलाना हलके की जनता ने ऐसा प्रतिनिधि चुना है, जो विधानसभा में क्षेत्र की आवाज मजबूती से उठा रहा है। उन्होंने हिसार के सांसद जय प्रकाश का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वह संसद में जनता से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। उन्होंने सम्मेलन को सफल बताते हुए विधायक नरेश सेलवाल और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने संघर्ष का जो आह्वान किया है, उकलाना हलके के कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता आगे भी मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे। सम्मेलन में सांसद जय प्रकाश, विधायक चंद्रप्रकाश, पूर्व विधायक रामनिवास घोड़ेला, बजरंग गर्ग, प्रो. वीरेंद्र, प्रदीप बेनीवाल, जस्सी पेटवाड़ सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने हुड्डा के आह्वान पर हाथ उठाकर समर्थन जताया।