समाचार · पंजाब
तहसील में इनकम टैक्स सर्वे, पांच साल से नहीं लिया रजिस्ट्रेशन नंबर, 1622 करोड़ के सौदे जांच के घेरे में
| अमृतसर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम ने वीरवार को अमृतसर-3 स्थित सब-रजिस्ट्रार ऑफिस (एसआरओ) में सर्वे किया। सुबह 11:30 से शाम 5:30 बजे तक करीब 6 घंटे चली जांच में सामने आया कि वित्त वर्ष 2021-22 से 2025-26 के बीच 2,558 प्रॉपर्टी सौदों की जानकारी डिपार्टमेंट को नहीं दी गई। इन सौदों की कुल कीमत 1,622 करोड़ रुपए है। यह कार्रवाई आयकर विभाग की इंटेलिजेंस एंड क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन शाखा की टीम ने की। चंडीगढ़ स्थित विभाग के निदेशक के मार्गदर्शन में अमृतसर के आयकर अधिकारी की टीम ने यह जांच की। विभाग ने आयकर अधिनियम, 2025 की धारा 253 के तहत यह सर्वे किया। जांच में यह भी मिला कि अमृतसर-3 तहसील 2018 में बनी थी और सब-रजिस्ट्रार ऑफिस जुलाई 2021 से काम कर रहा है। इसके बावजूद ऑफिस ने अब तक आयकर विभाग से रिपोर्टिंग यूनिट का पहचान नंबर "आईटीडीआरईआईएन' नहीं लिया था। इस नंबर के बिना पिछले 5 साल से प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त का जरूरी रिकॉर्ड भी आयकर विभाग को नहीं भेजा गया। नियमों के तहत तय सीमा से अधिक के बड़े फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन की जानकारी देने के लिए आईटीडीआरईआईएन नंबर लेकर एसएफटी भेजना जरूरी होता है। फिलहाल आयकर विभाग इन सौदों की जानकारी की जांच कर रहा है। साथ ही सब-रजिस्ट्रार ऑफिस अमृतसर-3 को जल्द आईटीडीआरईआईएन नंबर लेने और जरूरी प्रक्रिया पूरी करने के लिए कहा जा रहा है। विभाग ने इस मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। आयकर अधिकारी अक्षय यादव ने बताया कि रजिस्ट्रियों की जानकारी पोर्टल पर अपलोड करने की जिम्मेदारी तहसीलदार, इंटरनल रेवेन्यू डिपार्टमेंट की होती है। 26 नवंबर की कार्रवाई के दौरान विभाग ने संबंधित रिकॉर्ड हासिल कर लिया है। अब रिकॉर्ड को आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड करना जरूरी है। इसके लिए 31 मई तक का समय होता है। इंटरनल रेवेन्यू डिपार्टमेंट को लिखकर भेजा जा रहा है। इसके बावजूद रिकॉर्ड अपलोड नहीं किया जाता तो रेवेन्यू डिपार्टमेंट को जुर्माना पड़ सकता है। हालांकि, इन पांच साल के दौरान कई तहसीलदारों की नियुक्ति हुई और उनके तबादले भी हो चुके हैं। इसी वजह से फिलहाल विभाग को रिकॉर्ड अपलोड करने के लिए समय दिया गया है।