Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पानीपत में युवक की हत्या करने के दो फाइनेंसर गिरफ्तार:10 प्रतिशत ब्याज पर दिए थे पैसे, मूल भी न लौटाने पर की वारदात

INT News27 August 2026 at 04:53 pm

पानीपत में 10 हजार रुपए की उधारी और ब्याज को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले का CIA-1 पुलिस टीम ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को चौटाला रोड स्टेडियम के पास से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान तुषार निवासी विजय नगर और विजय उर्फ बिल्लू निवासी हरि सिंह कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस ने बुधवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी विजय उर्फ बिल्लू को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी तुषार को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। रिमांड के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल बाइक की बरामदगी करेगी और फरार तीसरे साथी की तलाश में दबिश देगी। आंखों पर पट्टी बांधकर अज्ञात स्थान पर ले जाकर पीटा सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि मूल रूप से जींद के नीमनाबाद गांव निवासी सुलतान ने थाना तहसील कैंप में शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक उनका साला सोनू (26) इंद्रा विहार कॉलोनी में रहता था। 13 अगस्त को आरोपी तुषार और बिल्लू अपने अन्य साथियों के साथ सोनू के घर पहुंचे और उसे जबरन बाइक पर उठाकर ले गए। आरोपियों ने सोनू की आंखों पर पट्टी बांधी और किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर उसके साथ बेहमी से लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग गए। गंभीर हालत में परिजनों ने सोनू को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से 16 अगस्त को उसे रोहतक PGI रेफर कर दिया गया। 23 अगस्त को इलाज के दौरान सोनू ने दम तोड़ दिया। 10 हजार रुपये के 10% ब्याज के विवाद में रची साजिश एसपी भूपेंद्र सिंह के निर्देशों पर जांच में जुटी सीआईए वन टीम ने बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे ब्याज पर पैसे देने का काम करते हैं। उन्होंने सोनू को 10 हजार रुपए 10% प्रति महीने के ब्याज पर दिए थे। सोनू जब मूल और ब्याज वापस नहीं लौटा पा रहा था और मांगने पर गाली-गलौज करता था, तो आरोपियों ने रंजिश में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।