Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

प्रयागराज के मानस अपार्टमेंट में 8वीं मंजिल से गिरा आभूषण कारोबारी, मौत के बाद भागती दिखीं संदिग्ध महिलाएं

INT News26 September 2026 at 04:59 pm

Prayagraj Crime News: प्रयागराज के नैनी स्थित मानस अपार्टमेंट परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आभूषण कारोबारी का खून से लथपथ शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान घूरपुर निवासी भूपेंद्र सोनी के रूप में की गई है. आठ मंजिला इमारत के नीचे संदिग्ध अवस्था में शव मिलने के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची. गंभीर हालत में भूपेंद्र को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है.

फोन कॉल आने के बाद अपनी नई कार से पहुंचे थे भूपेंद्र

परिजनों के अनुसार, भूपेंद्र सारंगपुर चौराहे पर गहनों की दुकान चलाते थे. शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे एक फोन कॉल आने के बाद वह अपनी नई कार से मानस अपार्टमेंट पहुंचे थे. वह कार खड़ी करके इमारत की छठी मंजिल की तरफ गए थे. इसके कुछ ही देर बाद अपार्टमेंट के नीचे उनकी लाश मिली। उन्हें इमारत में जाते या गिरते हुए किसी ने नहीं देखा. पुलिस ने घटनास्थल से मृतक की कार, आईफोन और आधार कार्ड बरामद कर लिया है.

संदिग्ध महिला और दो लड़कियों की तलाश, पुलिस जांच जारी

घटना के समय तेज आवाज सुनकर बाहर आए लोगों ने परिसर में हड़कंप मचते देखा. एक छात्र के अनुसार, घटना के तुरंत बाद एक महिला और दो लड़कियां घबराए हुए हालत में भागती नजर आईं. वे छिपने की जगह मांग रही थीं और बाद में मुख्य सड़क की ओर भाग गईं। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल और फुटेज की मदद से मामले का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा.

मृतक के परिवार में छाया मातम, पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

भूपेंद्र की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया. दो साल पहले ही उनकी शादी हुई थी और उनके दो छोटे बच्चे हैं. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा है, हत्या या आत्महत्या, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं. मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल निकाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें अपार्टमेंट में किसने और क्यों बुलाया था.

Must Read: UP PCS 2026: आयोग ने बढ़ाई पदों की संख्या, अब 728 सीटों पर होगी भर्ती, जानें पूरी डिटेल