समाचार · मध्य प्रदेश
रायसेन में प्रभारी मंत्री की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा:हाथों में तिरंगा लेकर बच्चों ने लगाए 'भारत माता की जय' के नारे
रायसेन नगर में सोमवार को 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत एक वृहद तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और जिले के प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पंवार ने इस यात्रा का नेतृत्व किया। इसमें स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, भोजपुर विधायक सुरेंद्र पटवा, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा और कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा एसपी आशुतोष गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी शामिल हुए। यह यात्रा पुलिस लाइन से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से गुजरी और महामाया चौक पर समाप्त हुई। हाथों में तिरंगा थामे और 'भारत माता की जय' के नारों के साथ, यात्रा में पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, अपर कलेक्टर मनोज उपाध्याय और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक सम्मिलित हुए। इस दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया। महामाया चौक पर यात्रा के समापन अवसर पर प्रभारी मंत्री पंवार ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत की आन, बान और शान है। यह देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और गौरव का प्रतीक है, जिससे करोड़ों नागरिकों की भावनाएं जुड़ी हैं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और वीर जवानों के बलिदान को भी तिरंगे से जोड़ा। मंत्री पंवार ने नागरिकों से 'हर घर तिरंगा' अभियान को जन-जन का अभियान बनाने और अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों पर तिरंगा पूरे सम्मान और गरिमा के साथ फहराने की अपील की। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज की मर्यादा बनाए रखने, राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करने और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। यह अभियान 9 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगा, जिसके तहत जिले भर में तिरंगा यात्राएं, बाइक रैली, मानव श्रृंखला और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।