समाचार · झारखंड
गिरिडीह यूको बैंक लूटकांड: जमुआ के जंगल से एक संदिग्ध गिरफ्तार, हथियार बरामद

गिरिडीह. जिले के धनवार बाजार स्थित यूको बैंक में दिनदहाड़े हुई बड़ी लूट की घटना के बाद पुलिस को अहम सफलता मिली है. पुलिस ने जमुआ के जंगली इलाके में छापेमारी कर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है. उसके पास से हथियार भी बरामद किया गया है. पुलिस गिरफ्तार संदिग्ध से पूछताछ कर रही है. हालांकि, बैंक डकैती में उसकी संलिप्तता और अन्य अपराधियों के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिया था लूटकांड को अंजाम
गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी धनवार के चमड़ा गोदाम स्थित यूको बैंक में घुस गये थे. अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था. इस दौरान एक अपराधी ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक तान दी थी.
ये भी पढ़ें: Watch Video: गिरिडीह में में दिनदहाड़े बैंक डकैती, मैनेजर पर तानी बंदूक; चार करोड़ के जेवरात लेकर भागे अपराधी
अपराधियों ने बैंक के लॉकर से करीब चार करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद लूट लिये थे. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गये थे. पूरी घटना करीब 20 मिनट तक चली थी.
थाना से महज 200 मीटर दूर हुई थी डकैती
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि यूको बैंक धनवार थाना से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी थी. बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों और बैंककर्मियों से पूछताछ की जा रही थी.
जमुआ के जंगली इलाके में छापेमारी, आगे की जांच जारी
इसी क्रम में पुलिस ने जमुआ के जंगली इलाके में छापेमारी कर एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया. उसके पास से हथियार बरामद होने की सूचना है. पुलिस अब गिरफ्तार संदिग्ध से पूछताछ कर लूटकांड में उसकी भूमिका और अन्य अपराधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है.