समाचार · मध्य प्रदेश
सिंगरौली के मोरवा में धमाके से गिरी बाउंड्री वॉल:NCL में की गई थी ब्लास्टिंग, दुकानदार ने थाने में की शिकायत
सिंगरौली जिले के मोरवा में NCL की ब्लास्टिंग पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। वार्ड-4 स्थित लक्ष्मी एंटरप्राइजेज की बाउंड्रीवॉल ब्लास्टिंग के दौरान गिर गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन प्रतिष्ठान संचालक अभिषेक अग्रवाल को आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने रविवार को मोरवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। अभिषेक अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि इलाके में रोजाना होने वाली ब्लास्टिंग से पूरा क्षेत्र हिल जाता है। उन्होंने बताया कि इसी ब्लास्टिंग के कारण उनके प्रतिष्ठान की बाउंड्रीवॉल गिरी है, जिससे उन्हें नुकसान हुआ। अग्रवाल ने पुलिस से मामले की जांच और आर्थिक क्षतिपूर्ति की मांग की है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, मोरवा क्षेत्र में ब्लास्टिंग के कारण पहले भी कई मकान और दुकानें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन और NCL प्रबंधन से ब्लास्टिंग की तीव्रता नियंत्रित करने और आबादी वाले क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की अपील की है। मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें एक लिखित आवेदन मिला है। इसमें तय मानकों से अधिक तेज ब्लास्टिंग किए जाने का आरोप है। थाना प्रभारी ने कहा कि इस मामले में NCL प्रबंधन का पक्ष भी लिया जाएगा। वहीं, NCL के प्रवक्ता रामविजय सिंह ने कहा कि कंपनी द्वारा ब्लास्टिंग निर्धारित मानकों के अनुसार की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि जयंत कोयला खदान विस्तार के लिए मोरवा शहर के अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। हालांकि, उन्होंने इस विशेष घटना की जानकारी होने से इनकार किया और कहा कि वे प्रबंधन से इस बारे में जानकारी लेंगे।