Monday, 29 June 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

दो घंटे की बारिश से स्यानी नदी उफान पर पहुंची:नए बोए सोयाबीन बीज पर संकट, पुराने खेतों के किसानों को मिली राहत

INT News29 June 2026 at 09:27 pm

हरदा जिले के सिराली क्षेत्र में सोमवार शाम करीब दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इसके चलते स्यानी नदी का जलस्तर बढ़ गया और गांवों की सड़कों पर पानी बह निकला। कई छोटे नाले भी उफान पर आ गए। ग्राम पहटकला निवासी जगदीश मीणा ने बताया कि सोमवार शाम 4 से 6 बजे के बीच हुई तेज बारिश से स्यानी नदी में पानी बढ़ गया। बारिश का असर कई गांवों में देखा गया। जानकारी के अनुसार, पहेटकला, आमासेल, दीपगांवकलां, बेड़ियां, बावड़ियां, नहाली कलां, सारसूद, कडोलाराघो, सोमगांव कलां, चारखेड़ा, गांगला, कमताडा और मसनगांव सहित कई क्षेत्रों में भी तेज बारिश दर्ज की गई। इससे खेतों में पानी भर गया। किसान नर्मदाप्रसाद गुर्जर ने बताया कि दो दिन पहले हुई बोनी के लिए यह बारिश फायदेमंद है। हालांकि, जिन किसानों ने सोमवार को ही सोयाबीन की बोनी की है, उनका बीज खराब होने की आशंका है। क्षेत्र के आधे हिस्से में 'बतर' (मिट्टी में नमी की उचित मात्रा) आने के बाद बोवनी की जाएगी। वहीं, जिला मुख्यालय हरदा में भी गरज-चमक के साथ बारिश हुई।