समाचार · हरियाणा
हरियाणा में 7.2°C तक पहुंचा तापमान:पहाड़ों से मैदानों की ओर चली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ाई; आज 6 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
हरियाणा में लगातार सुबह के समय ठंड बढ़ रही है। न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.2°C की गिरावट दर्ज की गई। हिसार पूरे हरियाणा में सबसे ठंडा रहा, यहां तापमान 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं 12 जिलों में 9 डिग्री सेल्सियस से कम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रात व सुबह के समय कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। 6 स्थानों (अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत और सोनीपत) पर आज घना कोहरा छा सकता है। अभी बारिश के कोई आसार नहीं
मौसम विज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम शुष्क रहेगा। सुबह और रात के समय कोहरे से दृश्यता घट सकती है, जबकि दिन में धूप निकलने से सर्दी से कुछ राहत मिलेगी। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… इन 12 जिलों में सबसे कम तामपान : प्रदेश के 12 जिलों में 9 डिग्री से कम तापमान दर्ज किया गया है। इसमें हिसार (7.2°C), भिवानी (8.0°C), महेंद्रगढ़ (8.1°C), रोहतक (8.6°C), नूंह (8.8°C), पंचकूला (8.8°C), रेवाड़ी (8.8°C), करनाल (8.9°C), नारनौल (9.0°C), जींद (9.0°C), पानीपत (9.0°C) और सिरसा (9.0°C) शामिल हैं। फरीदाबाद और रोहतक सबसे गर्म : जहां रातें ठंडी हो रही हैं, वहीं दिन के अधिकतम तापमान में भी बीते 24 घंटों के दौरान औसतन 0.2°C की हल्की गिरावट आई है, लेकिन यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 29.5°C दर्ज किया गया, जो फरीदाबाद और रोहतक में रहा।