Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

बिलासपुर में गड्ढों में मछली पालन कर विरोध:बदहाल सड़कों को लेकर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन; लबालब गड्ढों को बनाया विरोध का प्रतीक, विधायक-प्रशासन को घेरा

INT News7 July 2026 at 02:47 pm

बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों और पानी से भरे गड्ढों के खिलाफ मंगलवार को कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में मोर्चा खोल दिया। नगपुरा, धमनी, कड़ार और सेंवार मुख्य मार्ग की बदहाल हालत को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (पिछड़ा वर्ग विभाग) के कार्यकर्ताओं ने ग्राम सेंवार में सड़क के गड्ढों में उतरकर प्रतीकात्मक ‘मछली पालन’ किया और विधायक-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने यह संदेश देने की कोशिश की कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि अब गड्ढे तालाब जैसे नजर आने लगे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस मार्ग पर लंबे समय से बड़े-बड़े गड्ढे बने हुए हैं, लेकिन मरम्मत के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिला। बारिश के बाद इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और खतरनाक हो गई है। ग्रामीणों, बाइक सवारों और छोटे वाहनों को रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सड़क की यह हालत सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के साथ सीधा अन्याय है। जिला कांग्रेस कमेटी (पिछड़ा वर्ग विभाग) के अध्यक्ष सुनील साहू के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस के जिला, ब्लॉक, मंडल, पंचायत और बूथ स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए। इसके अलावा युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस, सेवा दल, एनएसयूआई, इंटक और अन्य सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने गड्ढों में मछली पालन कर सड़क निर्माण और मरम्मत को लेकर जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने मांग की है कि नगपुरा, धमनी, कड़ार और सेंवार मार्ग की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए। साथ ही बारिश के दौरान आवागमन सुरक्षित बनाने के लिए स्थायी समाधान किया जाए। नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ‘मछली बड़ी होने तक भी सड़क नहीं बनी तो विधायक को करेंगे भेंट’ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि सड़क के गड्ढों में इतना पानी भर चुका है कि अब यहां मछली पालन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर मछली बड़ी होने तक भी सड़क नहीं बनी, तो उसे बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक को भेंट किया जाएगा। कांग्रेस ने इसे सड़क निर्माण और मरम्मत में लापरवाही के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध बताया। प्रदर्शन के बीच सड़क पर गिरी गिट्टी, मरम्मत की कोशिश शुरू कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बीच प्रशासन हरकत में नजर आया। जर्जर सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित मार्ग पर गिट्टी डलवाई गई। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने इसे देर से उठाया गया कदम बताते हुए कहा कि अगर पहले ही सड़क की मरम्मत कराई जाती, तो लोगों को इस तरह सड़क पर उतरकर विरोध नहीं करना पड़ता। कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन सिर्फ प्रदर्शन और दबाव के बाद ही जागेगा। सवालों के घेरे में सड़क मरम्मत सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में भरा बारिश का पानी रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों और वाहन चालकों की बढ़ी परेशानी शिकायतों के बावजूद मरम्मत नहीं होने का आरोप कांग्रेस ने कहा- जनता की परेशानी पर प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौन