समाचार · पंजाब
पटियाला-पत्नी से अफेयर का शक, डेयरी संचालक की हत्या:भाई बोला-कालू ने परने से गला घोंटा, पिता व भाई ने पकड़े हाथ, दो अन्य ने दबाई टांगें; परिजनों ने देर रात घेरा थाना
पटियाला में डेयरी संचालक रवीन की हत्या के मामले में अहम खुलासा हुआ है। हत्या के आरोपी कुलदीप सिंह उर्फ कालू को शक था कि रवीन का उसकी पत्नी के साथ अफेयर है। रवीन के भाई कुलविंदर सिंह ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि कालू ने अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंधों के शक में अपने पिता, भाई व दो अन्य लोगों के साथ मिलकर रवीन की हत्या की है। कुलविंदर सिंह ने पुलिस को यह भी बताया कि कुलदीप सिंह उर्फ कालू ने परने से रवीन का गला दबाया जबकि उसके पिता सतवंत सिंह और भाई भूपिंदर सिंह ने उसके हाथ दबाए थे। वहीं उनके साथ दो अज्ञात लोग थे जिन्होंने रवीन के पैर दबाए थे। पुलिस ने कुलविंदर सिंह की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी लेकिन अभी तक सिर्फ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जबकि अन्य फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में गुर्जर समाज ने देर रात त्रिपड़ी थाने का घेराव किया। परिजनों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि जब तक चारों अन्य आरोपी गिरफ्तार नहीं होते तब तक वो पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। पुलिस को दिए बयान में भाई ने बताया हत्या का पूरा घटनाक्रम, जानिए… हत्या के बाद आरोपी घर में सोए रहे पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला थाना त्रिपड़ी में दर्ज कर दिया है लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। 16 नवंबर देर रात हत्या होने के बाद से जब पुलिस ने 18 नवंबर रात तक ठोस करवाई नहीं की तो गुस्साए परिजनों ने थाने का घेराव किया। परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी अपने घर में रहे। देर रात तक परिजन थाने के बाहर डटे रहे और आखिर में पुलिस अफसरों ने भरोसा दिलाया कि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमें रवाना की गई हैं। जिसे गिरफ्तार किया है उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ चल रही है। सुबह तक गिरफ्तारी न हुई तो पटियाला जाम करेंगे परिजनों ने पुलिस अफसरों को सख्त चेतावनी दी है कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते तब तक वो पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे और जरूरत पड़ी तो पटियाला में चक्का जाम करेंगे। उन्होंने कहा कि गुर्जर समाज के लोगों में इस घटना के बाद बेहद गुस्सा है। एसएचओ पर लगाए आरोपियों का साथ देने के आरोप परिजनों ने थाना त्रिपड़ी के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह पर आरोपियों का साथ देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि एसएचओ उनको बचा रहे हैं क्योंकि आरोपी उनके नजदीकी हैं। उन्होंने एसएसपी से मांग की है कि एसएचओ को तुरंत सस्पेंड किया जाए। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कर रहे छापेमारी एसपी हेडक्वार्टर राजेश छिब्बर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि परिवार के बयानों के आधार पर 5 आरोपियों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे अदालत में पेश करके 5 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। बाकी 4 फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।