Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

राजनांदगांव ने जूनियर बालिका कबड्डी का खिताब जीता:फाइनल में बिलासपुर को हराया; 26वीं राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में 26 जिलों के 364 खिलाड़ी हुए शामिल

INT News16 November 2026 at 10:35 pm

फिजिकल कॉलेज मैदान, पेंड्रा में 13 से 15 नवंबर तक हुई 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय जूनियर बालिका कबड्डी चैंपियनशिप का समापन हुआ। फाइनल में राजनांदगांव ने बिलासपुर को हराकर खिताब जीता। बिलासपुर उपविजेता रहा। मेजबान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही तीसरे और रायपुर चौथे स्थान पर रहा। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 26 जिलों की टीमों के 364 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खिलाड़ियों और आयोजन समिति को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले को राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला। उन्होंने खिलाड़ियों का स्वागत किया और कहा कि खेल से अनुशासन, टीम भावना, आपसी तालमेल और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख मिलती है। जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष और नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने कहा कि खेल जीवन में संघर्ष, अनुशासन और सफलता की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि हार से मिली सीख भविष्य की जीत का आधार बनती है। नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।