Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय, भक्तों ने किया भगवान का जलाभिषेक

INT News17 August 2026 at 12:45 pm

खरसावां. सावन माह की अंतिम सोमवारी पर खरसावां के विभिन्न शिवालयों में भगवान शिव की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सुबह से ही शिव मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा. श्रद्धालुओं ने 'हर-हर महादेव' के जयकारों के साथ शिवलिंग पर जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया. रामगढ़, आमदा, चिलकु और हरिभंजा समेत विभिन्न मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक भी संपन्न हुआ.

रामगढ़ शिव मंदिर में जुटी सबसे अधिक भीड़

खरसावां के रामगढ़ स्थित शिव मंदिर में सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही यहां भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं. श्रद्धालुओं ने गर्भगृह में पहुंचकर भगवान शिव के साथ नंदी महाराज की प्रतिमा पर भी जल अर्पित किया. व्रत रखकर भक्तों ने भगवान को बेलपत्र, धतूरा, भांग, फल, दूध, गंगाजल और माता पार्वती की शृंगार सामग्री अर्पित की.

भक्तिमय रहा पूरा वातावरण

सोमवारी को लेकर क्षेत्र का पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा. मंदिर परिसर में गूंजते बोल बम के नारों से पूरा इलाका शिवमय हो गया. श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कई जगहों पर दीप जलाकर आरती की गई, और मंदिरों में देर शाम तक पूजा-अर्चना का दौर अनवरत जारी रहा.