Wednesday, 19 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

किन्नरों को जबरन कार में बैठाया, चाकू-डंडों से मारपीट:VIDEO; गुरु बदलने और रतलाम छोड़ने का दबाव, पूनम जान समेत अन्य पर FIR

INT News19 August 2026 at 08:46 pm

किन्नर गुरु बदलने और रतलाम छोड़ने का दबाव बनाने को लेकर तीन किन्नरों को कथित तौर पर चाकू और डंडे दिखाकर कार में जबरन बैठाने और उनके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। एक किन्नर को चाकू से घायल करने का भी आरोप है। मामले में किन्नर गुरु पूनम जान और उसके साथियों पर आरोप लगाए गए हैं। जीआरपी ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किन्नरों को जबरन कार में बैठाने का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि विवाद किन्नर गुरु काजल और पूनम जान के ग्रुप के बीच है। रतलाम शहर में दोनों के अलग-अलग क्षेत्र बताए जा रहे हैं। मंगलवार रात करीब 12:45 बजे किन्नर काजल गुरु ग्रुप की किन्नर दीपा गुरु (दिशा जागीरदार), उम्र 27 वर्ष, निवासी बाजना बस स्टैंड की शिकायत पर जीआरपी थाना पुलिस ने पूनम जान समेत अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। रेलवे क्षेत्र में घटना की जानकारी मिलने के बाद इंदौर से जीआरपी डीएसपी ज्योति शर्मा भी मेडिकल कॉलेज पहुंचीं और घायल किन्नरों से घटनाक्रम की जानकारी ली। स्टेशन के पास से चाकू-डंडे दिखाकर कार में बैठाने का आरोप दीपा गुरु (दिशा जागीरदार) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार रात करीब 12:30 बजे वह रतलाम रेलवे स्टेशन से फ्रीगंज रोड स्थित ऑन व्हील रेस्टोरेंट के पीछे से जा रही थी। इसी दौरान उसे किन्नर सनम मिली, जो उसके साथ हो गई। शिकायत के अनुसार, इसी दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो सामने आकर रुकी। इसमें किन्नर पूनम जान, उसका पति नायक और अन्य साथी सवार थे। आरोप है कि उन्होंने चाकू और डंडे दिखाकर दोनों को जबरन कार में बैठा लिया और उनके मोबाइल फोन भी ले लिए। सैलाना बस स्टैंड से दो अन्य किन्नरों को भी बैठाया शिकायत के मुताबिक, आरोपी कार लेकर सैलाना बस स्टैंड पहुंचे। वहां किन्नर करीना और नित्या मिलीं। आरोप है कि दोनों को भी चाकू और डंडे दिखाकर जबरन कार में बैठाया गया और उनके मोबाइल फोन ले लिए गए। इसके बाद सभी को पूनम जान के घर भगतन की बावड़ी क्षेत्र में ले जाया गया। शिकायत के अनुसार, वहां से दिव्या को साथ लेकर सभी को डी-मार्ट रोड के पास सुनसान जगह पर ले जाया गया। बेसबॉल बैट और डंडों से मारपीट का आरोप दीपा गुरु ने आरोप लगाया कि सुनसान जगह पर उनके साथ लात-घूंसों, बेसबॉल बैट और डंडों से मारपीट की गई। शिकायत में दो साथियों को चाकू मारकर घायल करने का भी आरोप लगाया गया है। इसके बाद सभी को राजी-खुशी छोड़ने के वीडियो बनाए गए। आरोप है कि बाद में उन्हें कार से मछली मार्केट के पास छोड़ दिया गया। इस दौरान रतलाम में बस्ती मांगने और गुरु बदलने को लेकर जान से मारने की धमकी देने तथा पर्स छीनने का भी आरोप लगाया गया है। पर्स में करीब 10 से 15 हजार रुपए होने की बात शिकायत में कही गई है। पूनम जान समेत अन्य पर केस, गिरफ्तारी के प्रयास इंदौर जीआरपी डीएसपी ज्योति शर्मा ने बताया कि किन्नर की शिकायत पर पूनम जान समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।