समाचार · उत्तर प्रदेश
UP विधानसभा चुनाव से पहले किस नए समीकरण की आहट, अखिलेश से मिले लोकदल अध्यक्ष, क्या मुलाकात के बाद बदलेगा सियासी गणित

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सुनील सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से लखनऊ में उनके आवास पर मुलाकात की. मुलाकात के बाद सिंह ने कहा कि सपा और लोकदल अगले वर्ष होने वाला विधानसभा चुनाव गठबंधन के साथ लड़ेंगे. उन्होंने लोकदल की ओर से 35 विधानसभा सीटों पर दावा किए जाने की बात भी कही.
किसान, गरीब और रोजगार पर चर्चा
अखिलेश यादव के साथ मुलाकात के दौरान किसान, गरीब, महंगाई, रोजगार और उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई. सुनील सिंह ने बताया कि अखिलेश यादव ने लोकदल को पूरा सम्मान देने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि लोकदल लगातार किसानों और ग्रामीणों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाता रहा है और आगे भी किसानों के हितों की आवाज मजबूती से उठाता रहेगा.
35 सीटों पर लोकदल की दावेदारी
सुनील सिंह के मुताबिक, सीट बंटवारे को लेकर बातचीत आगे भी जारी रहेगी. लोकदल ने गठबंधन में 35 विधानसभा सीटों पर अपनी दावेदारी रखी है. मुलाकात के दौरान सीटों के बंटवारे के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और अन्य राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा हुई.
INDIA गठबंधन का हिस्सा होने का दावा
सुनील सिंह ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और लोकदल INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं. उन्होंने विपक्षी दलों के साथ मिलकर काम करने की बात कही. साथ ही उन्होंने कहा कि किसानों, गरीबों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को चुनावी चर्चा के केंद्र में लाना जरूरी है. सुनील सिंह ने 2027 के चुनाव को लेकर विपक्षी दलों की एकजुटता पर भी जोर दिया.
Must Read: ‘अंकल बस में आग लग गई’... लखनऊ में 25 बच्चों से भरी चलती बस में अचानक उठीं आग की लपटें, एक बच्चे का हाथ झुलसा, जांच में 13 बसें अनफिट