समाचार · हरियाणा
यमुनानगर में अंडरवियर में मिला युवक का शव:हाईवे किनारे झाड़ियों में पड़ा था, कीड़ों ने नोचा चेहरा; पहचान में जुटी पुलिस
यमुनानगर में आज बुधवार सुबह पंचकूला-सहारनपुर हाईवे किनारे कैल बाईपास के पास झाड़ियों में एक अज्ञात युवक का शव मिला है। शव पर केवल अंडरवियर था, जबकि चेहरा बुरी तरह सड़ चुका था और कीड़ों के कारण उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलते ही जगाधरी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की तलाशी लेने के बावजूद ऐसा कोई दस्तावेज, सामान या अन्य सुराग नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। शव पर किसी प्रकार का टैटू या पहचान का अन्य निशान भी नहीं मिला है। प्रथम दृष्टया मृतक प्रवासी मजदूर प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया शव फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है, ताकि उसकी शिनाख्त हो सके। साथ ही आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। शव दो-तीन दिन पुराना लग रहा है। जगाधरी सदर थाना प्रभारी एसआई आनंद प्रकाश ने बताया कि पंचकूला-सहारनपुर हाईवे पर इन दिनों निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार सुबह वहां काम कर रहे मजदूरों ने झाड़ियों से तेज दुर्गंध आने पर देखा तो एक शव पड़ा मिला। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पहचान के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण एसआई आनंद प्रकाश ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई सामान नहीं मिला। फिलहाल शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और अन्य पहलुओं की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।