Wednesday, 16 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नर्मदापुरम सेठ गुरु प्रसाद स्कूल के पास आबकारी की दबिश:कच्ची शराब के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, जांच करने सैंपल लिए

INT News16 September 2026 at 03:45 pm

नर्मदापुरम शहर में सेठ गुरु प्रसाद स्कूल के पास अवैध शराब के ठिकाने पर बुधवार सुबह आबकारी विभाग की टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को पकड़ा गया और उसके पास से कच्ची हाथभट्टी शराब बरामद की गई। आबकारी विभाग के अनुसार शराब की मात्रा करीब 54 से 56 लीटर है। शराब के जहरीली होने की आशंका को देखते हुए सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। प्रदर्शन के दूसरे दिन आबकारी ने की कार्रवाई स्कूल और धार्मिक स्थलों के आसपास कथित अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशाखोरी के खिलाफ मंगलवार को सर्व हिंदू समाज और स्कूली विद्यार्थियों ने प्रदर्शन किया था। छात्र-छात्राओं ने जनआक्रोश रैली निकालकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा था। इसमें स्कूलों और धार्मिक स्थलों के आसपास नशे का कारोबार रोकने और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई की मांग की गई थी। प्रदर्शन के दूसरे दिन बुधवार सुबह आबकारी उप निरीक्षक आरपी निमोदा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी रमेश प्रसाद अहिरवार और अभिलाष पाठक टीम के साथ सेठ गुरु प्रसाद स्कूल के पास पहुंचे। टीम ने आरोपी रेवाराम केवट के घर पर दबिश दी, जहां से अवैध कच्ची हाथभट्टी शराब बरामद की गई। सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जाएंगे जिला आबकारी अधिकारी डॉ. द्विवेदी ने बताया कि बरामद कच्ची शराब के सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि आरोपी रेवाराम केवट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। विभाग के अनुसार रेवाराम के खिलाफ पहले भी अवैध शराब से जुड़े मामले दर्ज हो चुके हैं। अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि अवैध मदिरा के खिलाफ विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। स्कूल और धार्मिक स्थलों के आसपास अवैध शराब की बिक्री की शिकायतों को लेकर भी कार्रवाई की जाएगी।