समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम:भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन मुख्य अतिथि, सीएम सैनी, केंद्रीय और कैबिनेट मंत्री करेंगे शिरकत
गुरुग्राम में आज विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सेक्टर-29 स्थित महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क के ओपन पार्किंग एरिया में होने वाले इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यख नितिन नबीन बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा केंद्रीय ऊर्जा,आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह तथा कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह भी पहुंचेंगे। डीसी उत्तम सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल पर मंच, दर्शक दीर्घा, बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास, पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंपते हुए यह सुनिश्चित किया गया है कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रदेशभर से पहुंचेंगे लोग कार्यक्रम के संयोजक बोधराज सीकरी ने बताया कि राज्य स्तरीय आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में आयोजित यह कार्यक्रम विभाजन की पीड़ा झेलने वाले परिवारों की स्मृतियों को सम्मान देने के साथ-साथ उनके संघर्ष और साहस को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि आयोजन में प्रदेशभर से लोगों की सहभागिता के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का मजबूत संदेश दिया जाएगा। विभाजन की पीड़ा और संघर्ष की गाथा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत आयोजन स्थल पर विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। प्रदर्शनी में विभाजन से जुड़ी घटनाओं, विस्थापन की पीड़ा, प्रभावित परिवारों के संघर्ष तथा उस दौर में लोगों द्वारा दिखाई गई दृढ़ता और साहस को चित्रों एवं अन्य सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को देश के इतिहास के इस संवेदनशील अध्याय से परिचित कराते हुए उन्हें राष्ट्रीय एकता और अखंडता के महत्व के प्रति जागरूक करना है।