समाचार · मध्य प्रदेश
तहखाने से निकलेंगे भगवान बुद्ध के शिष्यों के अस्थि कलश:74 साल में इस वर्ष दूसरी बार ऐसा होगा; पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू ने की थी स्थापना
मध्यप्रदेश में स्थित सांची के स्तूप, यूनेस्को की विश्व धरोहर में शामिल है। हर साल की तरह इस बार भी यहां 28 नवंबर से दो दिवसीय महाबोधि महोत्सव शुरू हो रहा है। स्तूप परिसर में बने तहखाने से भगवान बुद्ध के दो शिष्यों सारिपुत्र और महामोदग्लायन के अस्थि कलश निकाले जाएंगे। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने 1952 में कलश की स्थापना की थी। 74 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब एक ही साल में दूसरी बार अस्थि कलश तलघर से बाहर निकालकर दर्शन के लिए रखे जाएंगे। इससे पहले, 28 मई 2026 को अस्थि कलश मंगोलिया भेजे गए थे, जो करीब एक महीने बाद जून में सांची लौटे थे। आमतौर पर साल में एक बार ही अस्थि कलश दर्शन के लिए निकाले जाते हैं। अस्थि कलश अब तक दो बार सांची से विदेश भेजे जा चुके हैं। इनमें थाईलैंड और मंगोलिया शामिल हैं। इंग्लैंड से अस्थियां लेकर आए थे महाबोधि सोसायटी के तपस्वी स्वामी के अनुसार, वर्ष 1818 में ब्रिटिश अफसर ने सांची की खोज की थी। स्तूपों से भगवान बुद्ध के परम शिष्यों की अस्थियां निकालकर ब्रिटेन ले जाई गई थीं। साल 1851 में जनरल कनिंघम और कैप्टन मैसी ने सांची और सतधारा के स्तूपों से इन अस्थियों को निकालकर इंग्लैंड पहुंचाया था। वहां इन्हें विक्टोरिया एंड अल्बर्ट म्यूजियम में रखा गया था। वर्ष 1936 में श्रीलंका की महाबोधि सोसायटी ने इन पवित्र अवशेषों को भारत वापस लाने की कोशिश शुरू की। भोपाल के तत्कालीन नवाब और महाबोधि सोसायटी के प्रयासों से अस्थियां भारत लाई गईं। इसके बाद सांची में चेतियागिरि विहार का निर्माण कराया गया। तत्कालीन पीएम नेहरू ने की थी महोत्सव की शुरुआत महाबोधि सोसायटी के चीफ वानगल उपतिस्स नायक थेरो ने बताया कि 30 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने पवित्र अस्थि कलश सांची में स्थापित कराए थे। उन्होंने हर साल दो दिन के लिए श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए अस्थि कलश बाहर निकालने की परंपरा शुरू करने की बात कही थी, तभी से नवंबर में महाबोधि महोत्सव किया जा रहा है। पहले सुविधाएं कम थीं। आयोजन भी छोटे स्तर पर होता था। समय के साथ महोत्सव का स्वरूप विस्तृत होता गया। सांची स्तूप के बारे में भी जानिए… बेतवा नदी किनारे बने सांची स्तूप रायसेन जिले में स्थित है। यह भोपाल से 46 तो विदिशा से 10 KM दूर है। तीसरी शताब्दी ईसा में मौर्य सम्राट अशोक ने सांची का मुख्य स्तूप बनवाया था। आज यहां छोटे-बड़े कई स्तूप हैं, जिनमें से स्तूप नंबर-2 सबसे बड़ा है। यह चारों ओर हरियाली से घिरा है। स्तूप नंबर-2 चारों ओर से कई तोरण द्वारों से घिरा है। स्तूप नंबर-1 के पास छोटे-छोटे अन्य कई स्तूप हैं। स्तूप में चार दिशाओं में चार तोरण द्वार सांची का स्तूप भारत के सबसे बड़े स्तूपों में से एक है, जिसकी ऊंचाई करीब 21.64 मीटर और व्यास 36.5 मीटर है। स्तूप में चारों दिशाओं में चवार तोरण द्वार हैं, जिन पर महात्मा गौतम बुद्ध के जीवन से लेकर परिनिर्वाण तक की कथाएं चित्रित हैं। स्तूप का निर्माण कुछ इस प्रकार से किया गया है कि बौद्ध धर्म की शिक्षा और उसका अध्ययन करने वाले लोगों को आसानी हो। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण करता है रख-रखाव भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विश्व धरोहर सांची स्तूपों के रख-रखाव से लेकर सभी जिम्मेदारी उठाता है। यहां की व्यवस्थाओं को 3 भागों में बांटा गया है। एक सेक्शन स्तूप परिसर की हरियाली मेंटेन करता है। दूसरी विंग पुरातत्व विभाग के अधिकारियों के निर्देश पर पत्थरों की केमिकल से सफाई समेत रख-रखाव करती है। स्तूप वाली पहाड़ी के नीचे की तरफ संग्रहालय और बौद्ध थीम पार्क है, इसकी जिम्मेदारी तीसरी विंग के पास है। इतिहासकार व्यास ने बताया कि स्तूप का तोरण द्वार हीरयान कला के उत्कृष्ट नमूने हैं, जिसमें भगवान बुद्ध की जातक कथाएं, तत्कालीन समाद की झांकियां देखने को मिलती हैं। विदिशा के हाथी दांतों के कारीगरों ने लाल पत्थर से तोरण द्वार बनाया है। पांच देशों के अनुयायी होंगे शामिल महोत्सव के पहले दिन शनिवार सुबह 7 बजे सांची रेलवे स्टेशन के पास स्थित महाबोधि सोसायटी से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें भगवान बुद्ध की प्रतिमा के साथ भारत समेत जापान, श्रीलंका, वियतनाम, सिंगापुर और थाईलैंड समेत कई देशों के अनुयायी शामिल होंगे। सुबह 9 बजे प्रशासन की मौजूदगी में मंदिर के गर्भगृह का ताला खोला खोलकर तलघर से अस्थि कलश निकाले जाएंगे। अनुयायी इन्हें सिर पर रखकर मंदिर तक लाएंगे। सुबह 10 बजे भोग लगाया जाएगा। परिक्रमा के साथ पूजा-अर्चना होगी। दिनभर अस्थि कलश श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखे जाएंगे। शाम 5 बजे निर्धारित प्रक्रिया के तहत इन्हें वापस तलघर में सुरक्षित रख दिया जाएगा। यही प्रक्रिया दूसरे दिन यानी रविवार को भी अपनाई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को दिया आमंत्रण महाबोधि महोत्सव में शामिल होने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को आमंत्रित किया गया है। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष एवं सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी ने महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के अध्यक्ष वानगल उपतिस्स नायक थेरो और अन्य प्रतिनिधियों के साथ वल्लभ भवन में सीएम से भेंट कर आमंत्रण पत्र सौंपा। जिला प्रशासन और महाबोधि सोसायटी ऑफ श्रीलंका के सहयोग से आयोजित महोत्सव में बौद्ध दर्शन, कला, संगीत, नृत्य और साहित्य का संगम देखने को मिलेगा। श्रीलंका और जापान के कलाकार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। रविवार को भगवान बुद्ध के जीवन पर केंद्रित नृत्य-नाटिका और अखिल भारतीय कवि सम्मेलन भी होगा। 275 पुलिस जवान तैनात, पांच पार्किंग स्थल महोत्सव में प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात की व्यवस्था की है। एएसपी दीपक नायक ने बताया कि महोत्सव के दौरान 275 जवान तैनात रहेंगे। सांची में पांच वाहन पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। इसके अलावा, आसपास भी पांच पार्किंग की व्यवस्था की गई है। विदिशा से आने वाले वाहनों की पार्किंग विदिशा रोड पर की जाएगी, जबकि भोपाल और रायसेन से आने वाले वाहनों के लिए जम्मू दीप पार्क के पास मैदान में पार्किंग बनाई गई है। एसडीएम मनीष शर्मा ने बताया कि अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अस्पताल में भी अलग से बेड की व्यवस्था की गई है। अब सम्राट अशोक के बारे में भी जानिए ... भारत के शक्तिशाली मौर्य राजवंश में चक्रवर्ती सम्राट अशोक का जन्म हुआ था। इन्होंने 269 ईसा पूर्व से 232 ईसा पूर्व तक राज्य किया था। अपनी वीरता के कारण उन्होंने असम से लेकर ईरान तक राज किया। चक्रवर्ती सम्राट अशोक राज्य का राज्य उत्तर में हिंदु कुश, तक्षशिला की श्रेणियों से लेकर दक्षिण में गोदावरी नदी, सुवर्णगिरी पहाड़ी और मैसूर तक था। पूर्व में असम तो वहीं, पश्चिम में अफगानिस्तान, ईरान, बलूचिस्तान तक सम्राट अशोक ने राज किया। सम्राट अशोक का अर्थ है- सम्राटों के सम्राट। अशोक के जीवन में कलिंग का युद्ध सबसे महत्व पूर्ण रहा। 1 लाख लोगों की मौत और 1.5 लोगों के घायल होने के बाद उन्होंने बौद्ध धर्म अपना लिया था।