समाचार · हरियाणा
पंचकूला में डबल मर्डर: 20 साल के युवक की हत्या:6 दिन पहले बना पिता; कुछ घंटे बाद दोस्त की मिली लाश, रंजिश एंगल पर पुलिस कर रही जांच
पंचकूला के सेक्टर-19 में शुक्रवार देर रात 20 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान संजीत के रूप में हुई है। हत्या के कुछ घंटे बाद उसी स्थान से उसके दोस्त अर्जुन का शव भी बरामद हुआ। पुलिस शुरुआती जांच में रंजिश के एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच में घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। वहीं शनिवार सुबह करीब चार बजे उसी जगह से संजीत के दोस्त अर्जुन का शव भी मिला। संजीत की हत्या में अर्जुन पर शक जताया जा रहा था, लेकिन अब उसकी भी मौत ने मामले को और उलझा दिया है। 6 दिन पहले ही बना था पिता जानकारी के अनुसार संजीत के घर छह दिन पहले बेटे का जन्म हुआ था। परिवार ने इस खुशी में सेक्टर-19 में नामकरण समारोह और पार्टी का आयोजन किया था। पार्टी के दौरान संजीत किसी काम से अभयपुर चला गया। बताया जा रहा है कि लौटते समय कुछ युवक उसका पीछा करने लगे।
खतरे का आभास होने पर संजीत ने अपने कजिन विपिन को फोन कर बताया कि कुछ लड़के उसका पीछा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही विपिन ने अन्य परिजनों को जानकारी दी और सभी उसकी तलाश में निकल पड़े। अंडरपास के पास मिला संजीत तलाश के दौरान सेक्टर-19 इंडस्ट्रियल एरिया के अंडरपास के पास संजीत गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे तुरंत सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-19 पुलिस चौकी, सेक्टर-20 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस बोली-सभी पहलुओं से कर रहे जांच पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वहीं कुछ घंटे बाद उसी स्थान से अर्जुन का शव मिलने के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। दोनों मौतों के बीच क्या संबंध है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।