Friday, 14 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

अयोध्या राम मंदिर में दान गिनती के बदले गए नियम, अब बिना जेब के ड्रेस और 180 दिन तक सुरक्षित रहेगी CCTV रिकॉर्डिंग

INT News14 August 2026 at 12:46 pm

Ayodhya Ram Mandir News: अयोध्या के राम मंदिर में आने वाले दान की गिनती और सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जा रहा है. श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने गिनती केंद्र पर काम करने वाले कर्मचारियों की यूनिफॉर्म में बदलाव किया है. नई यूनिफॉर्म में जेब नहीं रखी गई है, ताकि नकदी या किसी अन्य वस्तु को बाहर ले जाने की संभावना कम हो. इसके अलावा गिनती केंद्र के प्रवेश और निकास द्वार पर कर्मचारियों की तलाशी भी अनिवार्य की गई है.

180 दिन तक सुरक्षित रहेगी CCTV रिकॉर्डिंग

दान की गिनती वाले कमरे में निगरानी व्यवस्था को भी अपग्रेड किया जा रहा है. ट्रस्ट अब फिक्स्ड CCTV कैमरों की जगह PTZ यानी पैन, टिल्ट और जूम कैमरे लगाने की तैयारी कर रहा है. इन कैमरों की मदद से अधिकारी कमरे के भीतर किसी खास गतिविधि को जरूरत के मुताबिक जूम करके देख सकेंगे. साथ ही CCTV रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने की अवधि 45 दिन से बढ़ाकर 180 दिन करने का फैसला किया गया है.

मंदिर से बैंक तक कैश पहुंचाने का बदलेगा तरीका

मंदिर परिसर से SBI शाखा तक दान की नकदी पहुंचाने की प्रक्रिया में बदलाव किया जा रहा है. नए सिस्टम में नोटों के बंडल एक साथ पैक और सुरक्षित किए जाएंगे, जिसके बाद उन्हें मंदिर परिसर के भीतर ही बैंक की गाड़ी में लोड किया जाएगा. ट्रस्ट ने दान गिनती के लिए संविदा कर्मचारियों के इस्तेमाल पर पुनर्विचार की सलाह दी है. सुझाव दिया गया है कि काम में SBI अपने नियमित कर्मचारियों को तैनात करे.

नए CEO के चयन की प्रक्रिया भी अंतिम दौर में

दान व्यवस्था में बदलाव के साथ राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट नए CEO के चयन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ा रहा है. CEO की नियुक्ति के लिए बनी सर्च कमेटी ने 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में अंतिम दौर के इंटरव्यू पूरे किए. चयन प्रक्रिया में 5,585 आवेदन मिले थे, जिनमें से 16 उम्मीदवारों को आमने-सामने बातचीत के लिए बुलाया गया. अब कमेटी तीन नामों का पैनल ट्रस्ट को सौंपेगी, जिसके आधार पर अंतिम नियुक्ति की घोषणा की जाएगी.

यह भी देखें: आंखों में रोशनी नहीं, पैरों में ताकत नहीं, फिर भी काशी की राह पर निकले कमलेश-राजेश, बोले- महादेव से बस यही है एक अरमान