entertainment · दिल्ली
अदालत को हल्के में न लें...Nora Fatehi को पड़ी Delhi Court की फटकार, 200 करोड़ की वसूली केस में भेजा नया समन

Nora Fatehi Extortion Case: बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही 200 करोड़ रुपये के सुकेश चंद्रशेखर मनी लॉन्ड्रिंग और एक्सटॉर्शन मामले में एक बार फिर कानूनी शिकंजे में फंसती दिख रही हैं. हाल ही में दिल्ली की अदालत ने नोरा के कोर्ट में पेश न होने पर कड़ी नाराजगी जताई. अदालत ने सख्त लहजे में कहा कि वह इस मामले में एक अहम गवाह हैं और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया को हल्के में नहीं लेना चाहिए. अदालत ने उन्हें 6 नवंबर को पेश होने का आदेश दिया है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला.
समन मिलने के बाद भी कोर्ट नहीं पहुंचीं नोरा
दरअसल, दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में सोमवार, 2 नवंबर को इस मामले की सुनवाई होनी थी. नोरा फतेही को बतौर गवाह अदालत में पेश होकर अपना बयान दर्ज कराना था. हालांकि, वह तय तारीख पर कोर्ट नहीं पहुंचीं. इस दौरान उनके वकील ने उनकी ओर से व्यक्तिगत पेशी से छूट देने की मांग की.
इस पर अदालत ने नाराजगी जाहिर की. स्पेशल जज गगनदीप सिंह ने नोरा के वकील से कहा कि वह एक गवाह हैं और उन्हें अदालत में मौजूद होना चाहिए था. कोर्ट ने उनके व्यवहार को उचित नहीं बताते हुए चेतावनी दी कि
'अदालत को हल्के में न लें'.
Rs 200 crores Extortion case | Delhi police informed the Rouse Avenue court that Nora Fatehi was summoned but they have no information whether she is coming or not. Her counsel has moved plea seeking exemption. Court pulled up the counsel and said "she is a witness and was supposed to be here, her conduct is not up to the mark, don't take the court for granted"
— ANI (@ANI) November 2, 2026
">
दिल्ली पुलिस ने भी अदालत को बताया कि नोरा को 22 अक्टूबर को ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए नोटिस भेजा गया था. पुलिस ने उनसे फोन पर संपर्क करने की भी कोशिश की, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद अदालत ने नया समन जारी करते हुए उन्हें 6 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया.
200 करोड़ रुपये के केस में गवाह हैं नोरा
यह पूरा मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा हुआ है. आरोप है कि सुकेश ने दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान खुद को बड़े सरकारी अधिकारी के रूप में पेश किया था. साल 2020-21 के दौरान उसने पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की जबरन वसूली की थी.
पुलिस के मुताबिक, सुकेश ने अदिति सिंह को भरोसा दिलाया था कि वह उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद कर सकता है. इसी बहाने उसने उनसे बड़ी रकम ऐंठी. इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने की थी.
ये भी पढ़ें: Nora Fatehi: Bigg Boss 9 में जाने से पहले रखी ऐसी शर्त, बदले में मिला वो मौका जिसने बदल दी पूरी कहानी
कैसे जुड़ा नोरा फतेही का नाम?
इस मामले में नोरा फतेही का नाम सामने आने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) और दिल्ली पुलिस की ओर से उनसे पूछताछ भी की गई थी. जांच के दौरान नोरा ने बताया था कि उनकी मुलाकात सुकेश से उसकी पत्नी लीना मारिया पॉल के जरिए हुई थी. दिसंबर 2020 में चेन्नई में हुए एक कार्यक्रम को लेकर भी उनसे सवाल पूछे गए थे.
पुलिस ने उनका बयान दर्ज करने के बाद उन्हें इस मामले में दाखिल तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में गवाह के तौर पर शामिल किया था. चार्जशीट में नोरा को लिस्टेड विटनेस नंबर 3 यानी LW-3 के रूप में रखा गया है. इसका मतलब है कि वह इस मामले में अभियोजन पक्ष की गवाह हैं.
जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी आया था सामने
सुकेश चंद्रशेखर के इस हाईप्रोफाइल मामले में नोरा के अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी चर्चा में रहा है. दोनों अभिनेत्रियों से जांच एजेंसियों ने सुकेश से कथित संबंधों को लेकर पूछताछ की थी.
फिलहाल, नोरा फतेही के लिए 6 नवंबर की तारीख अहम होने वाली है. अब देखना होगा कि वह अगली सुनवाई में अदालत के सामने पेश होती हैं या नहीं. उनकी पेशी के बाद इस मामले की सुनवाई आगे बढ़ने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें: सुकेश चंद्रशेखर केस में नोरा फतेही की बढ़ीं मुश्किलें, दिल्ली कोर्ट का समन, 2 नवंबर को देनी होगी गवाही