Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

चंदननगर में सब्जी विक्रेताओं की लागत भी नहीं निकल रही:फूटी कोठी सब्जी मंडी विवाद; बोले-ग्राहक नहीं आ रहे, किराया ले लो, पर ब्रिज के नीचे बैठने दो

INT News27 November 2026 at 07:34 am

इंदौर के फूटी कोठी चौराहे से सब्जी मंडी हटाने के बाद नगर निगम ने विक्रेताओं को करीब दो किलो मीटर दूर चंदन नगर चौराहे के पास खाली मैदान में जगह दी है। हालांकि, यहां दुकानें लगाने वाले सब्जी विक्रेताओं का कारोबार नहीं चल पा रहा है। ग्राहकों की कमी के कारण वे अपनी लागत तक नहीं निकाल पा रहे हैं। हालात यह हैं कि दिनभर दुकान लगाने के बाद भी सब्जियां नहीं बिक रही हैं और खराब होने लगी हैं। बोले-सब्जियां खराब हो रहीं विक्रेताओं को जिस जगह दुकान लगाने के लिए कहा गया है, वहां बैठने के लिए समतल जमीन और पक्की सड़क तक नहीं है। पथरीली जमीन पर दुकानें लगानी पड़ रही हैं। वाहनों की आवाजाही से उड़ती धूल के बीच सब्जी बेचने को मजबूर हैं। फिलहाल कुछ ही विक्रेताओं ने यहां दुकानें लगाना शुरू किया है। उनका कहना है कि फूटी कोठी पर पहले अच्छी ग्राहकी होती थी, लेकिन नई जगह पर ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। चाहे तो किराया ले लो पर वहीं बैठने दो फूटी कोठी सब्जी मंडी को हटाने के फैसले के बाद से विवाद भी सामने आए थे। इसी मुद्दे पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट द्वारा निगमकर्मी को थप्पड़ मारने के मामले में उन्हें जेल जाना पड़ा था। अब मंडी की नई जगह पर पहुंचे विक्रेताओं की परेशानी सामने आ रही है। यहां दुकान लगाने वाले विक्रेताओं ने निगम से ब्रिज के नीचे व्यवस्थित जगह देने की मांग की है। उनका कहना है कि इसके लिए वे मासिक या सालाना किराया देने को भी तैयार हैं। 20 हजार की जगह 500-700 रुपए की बिक्री सब्जी विक्रेता संगीता वर्मा ने बताया कि फूटी कोठी पर अच्छी ग्राहकी थी। वहां 20 से 22 हजार रुपए की सब्जियां लेकर आते थे, जिसमें से 16-17 हजार रुपए तक का माल बिक जाता था। यहां धूल-मिट्टी उड़ती रहती है और ग्राहक भी नहीं आ रहे। अब 500 से 700 रुपए की सब्जियां ही ला रहे हैं, लेकिन उनकी लागत भी नहीं निकल पा रही। बुधवार को भी सब्जियां नहीं बिकीं और गुरुवार को भी व्यापार नहीं चला। निगम किराया ले ले, ब्रिज के नीचे जगह दे दे ताराबाई पगारे ने कहा कि यहां 500 से 600 रुपए की सब्जियां लेकर आ रहे हैं, लेकिन वे भी नहीं बिक रही हैं। जितनी पूंजी लगा रहे हैं, उतनी भी वापस नहीं मिल रही। फूटी कोठी पर अच्छा व्यापार होता था। हमारी मांग है कि निगम ब्रिज के नीचे जगह दे दे। इसके बदले निगम महीने या साल का किराया तय कर ले, हम देने को तैयार हैं। हम किराए से रहते हैं। आने-जाने में भी पैसा खर्च होता है, लेकिन यहां व्यापार नहीं हो रहा। आधी सब्जियां भी नहीं बिक पा रहीं कुसुमबाई गारगे ने बताया कि दोनों जगह व्यापार में काफी अंतर है। फूटी कोठी पर मेन रोड होने से अलग-अलग इलाकों से लोग आते थे। वहां पूंजी के साथ मजदूरी भी निकल जाती थी। यहां जितनी सब्जियां लेकर आ रहे हैं, उनकी आधी भी नहीं बिक पा रही हैं। उन्हें यहां दुकान लगाते हुए 10 साल हो चुके हैं। नई जगह पर न सड़क की व्यवस्था है और न ही बैठने के लिए उचित जगह। पत्थरों पर दुकान देखकर ग्राहक भी नहीं आ रहे जानीबाई ने बताया कि सुबह से दुकान लगाकर बैठे हैं, लेकिन 100 से 200 रुपए की सब्जी भी नहीं बिकी। फूटी कोठी पर रोजाना एक से दो हजार रुपए तक की ग्राहकी हो जाती थी। यहां धूल उड़ती रहती है और जमीन भी पथरीली है। ऐसी जगह देखकर ग्राहक भी दुकान पर आना पसंद नहीं कर रहे। 5 कैरेट टमाटर लाए, एक कैरेट खराब हो गया सब्जी विक्रेता श्रीराम साहू ने बताया कि पहले ब्रिज के पास दुकान लगाते थे। पिछले तीन-चार दिनों से नई जगह पर दुकान लगा रहे हैं। फूटी कोठी पर अच्छी ग्राहकी थी, लेकिन यहां 200 से 300 रुपए की सब्जियां ही बिक पा रही हैं। वहां मजदूरी निकल जाती थी, यहां वह भी नहीं निकल रही। पांच कैरेट टमाटर लेकर आए थे, जिनमें से एक कैरेट खराब हो गया है। अगर दूसरी जगह दुकान लगाने की जगह मिल जाए तो ठीक, नहीं तो मजबूरी में यहीं बैठना पड़ेगा। कुछ विक्रेताओं को उम्मीद, धीरे-धीरे बढ़ेगी ग्राहकी विक्रेता शंकरलाल का कहना है कि नई जगह पर कारोबार जमने में थोड़ा समय लगेगा। अभी पहचान के ग्राहक ही आ रहे हैं, नए ग्राहक नहीं पहुंच रहे। फूटी कोठी ब्रिज के पास अच्छी ग्राहकी थी। फिलहाल परेशानी जरूर है और माल भी खराब हो रहा है, लेकिन उम्मीद है कि धीरे-धीरे यहां भी ग्राहक आने लगेंगे।