Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

किशोर दा की याद में 3 दिन तक दौड़ेगा शहर:गौरव दिवस के पहले दिन मैराथन; विनोद राठौर को मिलेगा किशोर सम्मान

INT News1 August 2026 at 01:55 pm

हिंदी सिनेमा के गायक और अभिनेता किशोर कुमार के जन्मदिन के मौके पर उनके पैतृक शहर खंडवा में 2 से 4 अगस्त तक गौरव दिवस का आयोजन होने जा रहा हैं। शहर में सांस्कृतिक, संगीत, खेल और सामाजिक गतिविधियों की श्रृंखला चलेगी। आयोजन की शुरुआत रविवार सुबह मैराथन दौड़ से होगी, जबकि शाम को 'वॉइस ऑफ खंडवा' गायन स्पर्धा का ग्रैंड फिनाले होगा। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी कलेक्टर डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से किया जाए। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए। पहले दिन मैराथन और गायन प्रतियोगिता का फाइनल तीन दिवसीय आयोजन के पहले दिन 2 अगस्त को सुबह 8 बजे नगर निगम कार्यालय से केवलराम चौराहे तक मैराथन दौड़ आयोजित होगी। इस आयोजन में चेंबर ऑफ कॉमर्स और विभिन्न सामाजिक संस्थाएं सहयोग करेंगी। शाम को किशोर कुमार सभागृह में 'वॉइस ऑफ खंडवा' गायन प्रतियोगिता का फाइनल होगा, जिसमें चयनित प्रतिभागी अपनी प्रस्तुति देंगे। दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, पेंटिंग स्पर्धा और फूड फेस्टिवल 3 अगस्त को सुबह 7.30 बजे नगर निगम के सामने मंच पर स्कूली और कॉलेज विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इसके बाद पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक स्कूली विद्यार्थियों की चित्रकला स्पर्धा आयोजित होगी। शाम को नगर निगम और घंटाघर क्षेत्र में फूड फेस्टिवल लगेगा। वहीं केवलराम चौराहे से घंटाघर तक बैंड पार्टियों की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। रात 8 बजे नगर निगम चौराहे पर बने मंच पर किशोर कुमार के गीतों पर आधारित ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम आयोजित होगा। समाधि पर स्वरांजलि, शाम को होगी ‘किशोर नाइट’ 4 अगस्त, किशोर कुमार के जन्मदिवस पर सुबह 9 बजे उनकी समाधि पर पुष्पांजलि एवं स्वरांजलि कार्यक्रम आयोजित होगा। इसका आयोजन नगर निगम और किशोर सांस्कृतिक प्रेरणा मंच के संयुक्त तत्वावधान में होगा। इसी दिन शाम 7.30 बजे से आयोजित 'किशोर नाइट' में प्रसिद्ध गायक पी. गणेश और गायिका प्रीति जोशी किशोर दा के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देंगे। पार्श्वगायक विनोद राठौर होंगे सम्मानित इस साल के 'किशोर सम्मान' से मुंबई के प्रसिद्ध पार्श्वगायक विनोद राठौर को सम्मानित किया जाएगा। उन्हें गायन के क्षेत्र में योगदान के लिए 1 लाख रुपए की सम्मान राशि और ताम्रपत्र प्रदान किया जाएगा।