समाचार · उत्तर प्रदेश
राम मंदिर परिसर में घुसे NSG के 'ब्लैक कैट' कमांडो, 70 एकड़ में लिया सुरक्षा का जायजा, 1 घंटे तक बंद कमरे में चली बैठक

Ayodhya Ram Mandir: राम नगरी अयोध्या में राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शनिवार सुबह नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) की ब्लैक कैट कमांडो टीम अचानक परिसर पहुंची. करीब 12 से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों की टीम गेट नंबर-11 से मंदिर परिसर में दाखिल हुई और 70 एकड़ में फैले परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया. इसके बाद सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ करीब एक घंटे तक बंद कमरे में बैठक हुई. हालांकि, एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्र ने इसे NSG की रूटीन विजिट बताया है.
सुरक्षा अधिकारियों के साथ बंद कमरे में हुई बैठक
परिसर का निरीक्षण करने के बाद NSG टीम ने सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के साथ करीब एक घंटे तक बंद कमरे में बैठक की. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई. टीम के अचानक राम मंदिर परिसर पहुंचने के बाद मंदिर की सुरक्षा को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
SP बोले- कोई मॉक ड्रिल नहीं हुई
NSG के दौरे को लेकर जब एसपी सुरक्षा विजय शंकर मिश्र से मॉक ड्रिल के बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई मॉक ड्रिल नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों से इस संबंध में अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती. एसपी सुरक्षा के मुताबिक, NSG की यह रूटीन विजिट है.
4 किमी लंबी सुरक्षा दीवार का निर्माण जारी
राम मंदिर परिसर के आसपास करीब 4 किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवार का निर्माण भी चल रहा है. मंदिर की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस काम के साथ अन्य सुरक्षा इंतजामों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. वहीं, अयोध्या से करीब 70 किलोमीटर दूर NSG का रीजनल हब भी बनाया जाना है. इसके लिए मिल्कीपुर तहसील के पूरे लालखां गांव में 26 हेक्टेयर यानी करीब 65 एकड़ बंजर जमीन NSG को मुफ्त में देने का फैसला हुआ है. योगी कैबिनेट ने 15 सितंबर को जमीन के आवंटन को मंजूरी दी थी. यह जमीन गृह मंत्रालय के नाम पर आवंटित की जाएगी.
Must Read- लखनऊ एयरपोर्ट पर यात्री रात भर रहे बेहाल, भारी बारिश और लो-विजिबिलिटी का तांडव, 5 फ्लाइट्स डायवर्ट, 2 रद्द