समाचार · पंजाब
फिरोजपुर में 17.35 लाख की जाली भारतीय करेंसी बरामद:डिलीवरी देने जा रहे दो युवक गिरफ्तार; एक आरोपी फाजिल्का का रहने वाला
फिरोजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 लाख 35 हजार रुपये की जाली भारतीय मुद्रा बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी इस नकली करेंसी की खेप को कहीं पहुंचाने जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारी सुखविंदर सिंह ने बताया कि थाना कैंट क्षेत्र में पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रोका गया। जांच के दौरान उनके पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में जाली भारतीय नोट बरामद हुए। बरामद नकली मुद्रा की कुल कीमत 17 लाख 35 हजार रुपये बताई जा रही है। एक आरोपी फाजिल्का का रहने वाला पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक फाजिल्का जिले का निवासी है, जबकि दूसरा फिरोजपुर जिले का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी जाली नोटों की खेप को किसी स्थान पर डिलीवर करने जा रहे थे। हालांकि, पुलिस ने समय रहते उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सुखविंदर सिंह ने कहा कि कुछ युवा जल्द अमीर बनने के लालच में गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल हो जाते हैं, लेकिन कानून ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करता है। उन्होंने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है। रिमांड के दौरान उनसे पूछताछ कर यह पता लगाया जाएगा कि जाली करेंसी कहां से लाई गई थी, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले की जांच जारी है।