समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया कलेक्ट्रेट में दिखा सांप, लोगों में मची अफरा-तफरी:जनसंपर्क विभाग की गैलरी में रेंगता दिखा, कर्मचारियों ने बाहर किया
दतिया जिला मुख्यालय के सरकारी दफ्तरों में इन दिनों कामकाज से ज्यादा जहरीले जीवों का खौफ छाया हुआ है। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित सरकारी विभागों में लगातार निकल रहे सांप, बिच्छू और जहरीले कीड़ों के कारण कर्मचारियों के साथ-साथ अपनी समस्याएं लेकर पहुंचने वाले आम लोगों की जान भी जोखिम में पड़ गई है। ताजा मामला जनसंपर्क विभाग का है, जहां मंगलवार को अचानक एक सांप गैलरी में रेंगता हुआ नजर आया। सांप को देखते ही दफ्तर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों के बीच दहशत फैल गई। स्टाफ ने बड़ी मशक्कत के बाद सांप को बाहर निकाला, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद परिसर में स्थित अन्य विभागों में भी हड़कंप मच गया। महिला एवं बाल विकास विभाग में कर्मचारी मुस्तैद दिखे और अलमारियों व पुरानी फाइलों की सफाई करने लगे। कर्मचारियों का कहना है कि सीलन और झाड़ियों की वजह से आए दिन जहरीले जीव दफ्तरों के अंदर तक घुस आते हैं। रोजाना सैकड़ों लोगों की आवाजाही, हादसे का डर कलेक्ट्रेट परिसर की इस इमारत में कई महत्वपूर्ण विभागों का संचालन हो रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग में रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं और हितग्राही आते हैं। इसके अलावा सहकारिता विभाग में किसानों और समिति सदस्यों का लगातार आना-जाना बना रहता है। सरकारी दफ्तरों में सुबह से शाम तक पूरा स्टाफ मौजूद रहता है। इसके साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन और आवेदन देने के लिए जिले भर से हितग्राही भी पहुंचते हैं। खुले घूमते सांप-बिच्छू किसी भी वक्त बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। कर्मचारियों ने प्रशासन से मांग की है कि परिसर की तुरंत सघन सफाई कराई जाए और जहरीले कीड़ों से बचाव के लिए पेस्ट कंट्रोल और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। वहीं, सांप रेंगता हुआ वापस झाड़ियों की ओर चला गया था।