समाचार · मध्य प्रदेश
खंडवा में किराना दुकान से 16.82 लीटर नकली घी जब्त:इंदौर-भोपाल में भेजे गए सैंपल फेल, फूड सेफ्टी टीम ने दो और ब्रांड के सैंपल लिए
खंडवा त्योहारों का सीजन शुरू होने के साथ खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ाबम चौक स्थित वैशाली किराना पर जांच की। यहां बिक्री के लिए रखे दो अलग-अलग ब्रांड के घी के सैंपल लिए गए। साथ ही 16.82 लीटर घी का स्टॉक जब्त किया गया। इसकी कुल कीमत 14 हजार 744 रुपए बताई गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले के अनुसार, इन दिनों दूध और दूध से बने खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है। इसी अभियान के तहत वैशाली किराना का निरीक्षण किया गया। टीम ने दुकान से गोवर्धन प्योर काऊ घी और डेयरी बेस्ट एगमार्क घी के सैंपल लिए। दोनों सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। टीम ने दुकान से 12.5 लीटर गोवर्धन प्योर काऊ घी और 4.32 लीटर डेयरी बेस्ट एगमार्क घी का स्टॉक जब्त किया। जब्त स्टॉक दुकान संचालक सुरेश चावला के सुपुर्द किया गया है। जांच रिपोर्ट आने तक इस स्टॉक की बिक्री नहीं की जा सकेगी। इंदौर-भोपाल में सैंपल फेल होने के बाद खंडवा में जांच खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इंदौर और भोपाल में गोवर्धन घी की सैंपलिंग के दौरान कुछ नमूने फेल और अमानक पाए गए थे। इसी वजह से खंडवा में भी इस ब्रांड की बिक्री की जानकारी मिलने पर एहतियात के तौर पर सैंपल लिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, खंडवा में लिए गए सैंपल की प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दोनों सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट मिलने के बाद गुणवत्ता और तय मानकों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि सैंपल अमानक या मिलावटी पाए जाते हैं तो संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी टीम में शामिल वैशाली किराना पर हुई कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले और खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयूरी डोंगरे मौजूद थीं। टीम ने दुकान का निरीक्षण किया, घी के सैंपल लिए और स्टॉक जब्त किया। अब विभाग को प्रयोगशाला रिपोर्ट का इंतजार है।