sports
कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में भारत ने दूसरे दिन जीते 7 मेडल, तानिष्का ने दिलाया गोल्ड

Commonwealth Fencing Championship 2026 : नाइजीरिया में चल रही कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है. प्रतियोगिता के दूसरे दिन भारतीय फेंसर्स ने एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य समेत कुल सात पदक अपने नाम किए. महिला सेबर, महिला एपे और पुरुष फॉयल की व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों ने मजबूत प्रदर्शन करते हुए पदकों की संख्या में इजाफा किया.
महिला एपे में भारत का दबदबा
सीनियर महिला एपे व्यक्तिगत स्पर्धा में तानिष्का खत्री ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता. उनकी साथी खुशी दाभाड़े ने रजत पदक अपने नाम किया. वहीं प्राची लोहान ने कांस्य पदक हासिल किया. प्राची के साथ ऑस्ट्रेलिया की हैरिसन एशले ने भी कांस्य साझा किया. इस तरह महिला एपे के पोडियम पर भारत का दबदबा देखने को मिला और देश ने इस स्पर्धा में तीनों प्रमुख पदक अपने नाम किए.
Also Read: प्रैक्टिस सेशन के बाद रवींद्र जडेजा ने किया ‘पुष्पा’ वाला मूव, वीडियो देख फैंस को आई अल्लू अर्जुन की याद
सेबर में भी तीन भारतीय पोडियम पर
सीनियर महिला सेबर व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारतीय फेंसर्स ने शानदार प्रदर्शन किया. आखरी ने कड़े मुकाबले के बाद रजत पदक जीता. उन्हें फाइनल में इंग्लैंड की ब्रियरली से हार का सामना करना पड़ा, जिन्होंने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. वहीं भारत की जेफरलिन और श्रुति जोशी ने कांस्य पदक अपने नाम किए. इस तरह महिला सेबर में भारत के तीन खिलाड़ी पदक जीतने में सफल रहे.
पुरुष फॉयल में तेजस को कांस्य
सीनियर पुरुष फॉयल स्पर्धा में तेजस पाटिल ने भी भारत की पदक तालिका में इजाफा किया. उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया. इस स्पर्धा का स्वर्ण साइप्रस के एलेक्स टोफालिडास और रजत इंग्लैंड के ओलिवर स्टारेंज ने जीता. इंग्लैंड के डेविड विलियम ने भी तेजस के साथ कांस्य पदक साझा किया. भारतीय टीम के इस प्रदर्शन में कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ की भूमिका भी अहम रही. टीम के साथ कोच भरतजी ठाकोर, श्रीहरि पिसे और शंकर नारायणन के अलावा फिजियोथेरेपिस्ट अमृता बालकवाड़े और टीम मैनेजर मनु त्यागी मौजूद हैं. चैंपियनशिप 14 अगस्त तक लागोस में जारी रहेगी.
Also Read: चेन्नई पहुंचे एमएस धोनी, CSK के नए हेड कोच के चयन को लेकर बैठक में लेंगे हिस्सा