समाचार · पंजाब
बरनाला में उगराहा यूनियन का ऐलान:20 अगस्त को कारगिल, पेप्सिको समेत बड़े कॉर्पोरेट प्रतिष्ठानों के बाहर किसानों का प्रदर्शन
भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहा) ने केंद्र और पंजाब सरकार की नीतियों के विरोध में 20 अगस्त को राज्यभर में बड़े कॉर्पोरेट प्रतिष्ठानों के बाहर एक दिवसीय प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यह फैसला बरनाला के चीमा में आयोजित यूनियन की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया। प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहा की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद प्रदेश सचिव शिंगारा सिंह मान ने बताया कि किसान बठिंडा की कारगिल फैक्टरी, संगरूर के चन्नो स्थित पेप्सिको फैक्टरी और अमृतसर की विश्व बैंक समर्थित जल परियोजना के मुख्य द्वारों पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। यूनियन नेताओं केंद्र सरकार पर लगाया आरोप यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के जरिए कृषि क्षेत्र को विदेशी कंपनियों के हवाले करने का प्रयास कर रही है। वहीं पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति को किसानों की जमीनों के लिए नुकसानदायक बताया गया। किसानों की प्रमुख मांगों में फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी, सभी कृषि ऋणों की माफी, आत्महत्या पीड़ित किसान परिवारों को 10 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देना शामिल है। इसके अलावा श्रम संहिताओं को रद्द करने तथा ईंधन और रसोई गैस की बढ़ी कीमतें वापस लेने की मांग भी उठाई जाएगी। बैठक में यूनियन ने संघर्षरत सरकारी कर्मचारियों के प्रस्तावित आंदोलन का समर्थन किया। साथ ही जनकवि पाश की यादगार से जुड़ी घटना पर नाराजगी जताते हुए 9 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया गया।