समाचार · मध्य प्रदेश
पति पर मारपीट, प्रताड़ना का आरोप; FIR दर्ज:शिवपुरी में महिला बोली- दो बार जबरन गर्भपात कराया, घर से निकाला
शिवपुरी शहर के देहात थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि बेटा न होने की वजह से उसे लंबे समय से परेशान किया जा रहा था। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पति ने सभी आरोपों से इनकार किया है। देहात थाना क्षेत्र की गौशाला निवासी 29 वर्षीय आरती ओझा शुक्रवार को अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ थाने पहुंचीं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी शादी करीब 9-10 साल पहले संतोष ओझा से हुई थी। उनकी तीन बेटियां हैं। महिला ने गाली-गलौज का आरोप लगाया
महिला का आरोप है कि पति संतोष ओझा, ससुर अशोक ओझा, सास अंगूरी बाई ओझा, धर्मेंद्र ओझा, अरुण ओझा और विक्की ओझा छोटी-छोटी बातों पर गाली-गलौज और मारपीट करते थे। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष बेटा चाहता था और इसी कारण उन्हें लगातार प्रताड़ित किया गया। आरती ने यह भी आरोप लगाया कि पति ने दो बार जबरन गर्भपात कराया। कुछ समय पहले मारपीट कर उन्हें घर से निकाल दिया गया था। घर में नहीं घुसने देने का आरोप
महिला के अनुसार, 6 अगस्त की शाम वह अपने मायके वालों के साथ ससुराल पहुंचीं, लेकिन उन्हें घर में नहीं घुसने दिया गया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। घायल होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस दौरान पति संतोष ओझा भी थाने पहुंचे। उन्होंने पत्नी के सभी आरोपों को गलत बताया और पत्नी पर ही आरोप लगाए। देहात थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति के खिलाफ मारपीट से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।