sports
BBL का भारत में होगा ऐतिहासिक मुकाबला, चेन्नई में पहली बार भिड़ेंगी ये दो ऑस्ट्रेलियाई टीमें, जानें तारीख

Big Bash League Match In India: ऑस्ट्रेलिया की मशहूर टी20 लीग बिग बैश लीग (BBL) के इतिहास में जल्द ही एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है. पहली बार इस लीग का नियमित सीजन का मुकाबला ऑस्ट्रेलिया से बाहर खेला जाएगा. खास बात यह है कि इस ऐतिहासिक मैच की मेजबानी भारत करेगा. इसके लिए चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम को चुना गया है, जहां 12 दिसंबर को मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स की टीमें आमने-सामने होंगी.
यह मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल संबंधों को मजबूत करने की दिशा में भी अहम माना जा रहा है. मैच का आयोजन ऑस्ट्रेलियाई सरकार की 'जी'डे नमस्ते' पहल के तहत किया जाएगा. इस कार्यक्रम के जरिए ऑस्ट्रेलिया भारत के छह शहरों में अपनी संस्कृति, व्यापार, शिक्षा, खेल और तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित करेगा.
चेन्नई में कब और किन टीमों के बीच होगा BBL का मुकाबला?
बिग बैश लीग का ऐतिहासिक मुकाबला 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच टक्कर होगी. इसके साथ ही भारत पहली बार किसी विदेशी घरेलू क्रिकेट लीग के नियमित सीजन के मुकाबले की मेजबानी करेगा.
BBL के ऐतिहासिक मुकाबले की पूरी डिटेल
इस आयोजन से भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों को ऑस्ट्रेलिया की लोकप्रिय टी20 लीग का रोमांच अपने देश में देखने का मौका मिलेगा. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बिग बैश लीग्स के कार्यकारी महाप्रबंधक एलिस्टेयर डॉब्सन ने भी इस आयोजन को लेकर उत्साह जताया है. उनका मानना है कि इससे भारतीय दर्शकों को बीबीएल का अनुभव करीब से मिलेगा और दोनों देशों के बीच क्रिकेट के जरिए रिश्ते और मजबूत होंगे.
भारत के इन 6 शहरों में होगा 'जी'डे नमस्ते' कार्यक्रम
'जी'डे नमस्ते' पहल के तहत 7 से 12 दिसंबर तक भारत के छह शहरों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें नई दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, बेंगलुरु, कोलकाता और कोहिमा शामिल हैं.
इस सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रम में व्यापार, शिक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, सिनेमा, संगीत, खेल और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से जुड़े कई आयोजन होंगे. इसका उद्देश्य भारत के लोगों को आधुनिक ऑस्ट्रेलिया, उसकी तकनीकी उपलब्धियों, सांस्कृतिक विविधता और निवेश के अवसरों से परिचित कराना है.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket Board: आखिर कौन है दुनिया का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड? देखें टॉप-10 की पूरी लिस्ट
ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त ने भारत के साथ रिश्तों पर क्या कहा?
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने इस पहल को दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग और मजबूत होते संबंधों का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हुए हैं. दोनों देशों की जनता के बीच आपसी जुड़ाव और बेहतर भविष्य की साझा सोच इस साझेदारी को आगे बढ़ा रही है.
ग्रीन ने क्रिकेट को भी दोनों देशों को करीब लाने वाला अहम माध्यम बताया. उनके मुताबिक, भारतीय और ऑस्ट्रेलियाई लोगों के बीच क्रिकेट को लेकर खास जुड़ाव है. भारत में पहली बार बिग बैश लीग का मुकाबला आयोजित होना इसी साझा जुनून को दर्शाता है. उन्होंने यह भी कहा कि खेल के जरिए व्यापार, सांस्कृतिक सहयोग और दूसरे क्षेत्रों में भी रिश्तों को मजबूत किया जा सकता है.
क्रिकेट के अलावा व्यापार और शिक्षा से जुड़े होंगे कई बड़े आयोजन
'जी'डे नमस्ते' कार्यक्रम केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रहेगा. इसके तहत कई अहम कारोबारी और निवेश से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
नई दिल्ली में ऑस्ट्रेलिया-भारत चैंबर ऑफ कॉमर्स (AUSTCHAM) का भारत-ऑस्ट्रेलिया बिजनेस समिट होगा. वहीं, मुंबई में बिजनेस काउंसिल ऑफ ऑस्ट्रेलिया की ओर से निवेश चर्चा और खेल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा. चेन्नई में शिक्षा और स्वच्छ तकनीक से जुड़े कार्यक्रम भी इस पहल का हिस्सा होंगे.
ये भी पढ़ें: Richest Cricket League: आखिर कौन है दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग? कितने नंबर पर है IPL, देखें टॉप-10 की लिस्ट
पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान हुई थी पहल की घोषणा
'जी'डे नमस्ते' कार्यक्रम की घोषणा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने जुलाई 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान की थी. इस पहल को ऑस्ट्रेलिया सरकार के सेंटर फॉर ऑस्ट्रेलिया-इंडिया रिलेशंस और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया मिलकर आयोजित कर रहे हैं. इसमें विभिन्न सरकारी विभागों, कारोबारी संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों का भी सहयोग मिलेगा.
ये भी पढ़ें: 33 टेस्ट, 33 अलग मैदान... यशस्वी जायसवाल ने टेस्ट क्रिकेट में बनाया अनोखा रिकॉर्ड