समाचार · हरियाणा
जींद महिला मर्डर मामला: पुलिस की चार टीमें गठित:आरोपी के करीब पहुंची पुलिस; बिसरा रिपोर्ट पर टिकी जांच; ₹8.70 लाख पर भी संशय
जींद महिला मर्डर मामला: पुलिस की चार टीमें गठित
आरोपी के करीब पहुंची पुलिस; बिसरा रिपोर्ट पर टिकी जांच; ₹8.70 लाख पर भी संशय
जींद के गांव फतेगढ़ में महिला की हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमों का गठन किया है। जिनमें जुलाना थाना व सीआईए की दो-दो टीमें शामिल है। पुलिस आरोपी के करीब पहुंच चुकी है। हत्या के बाद 8 लाख 70 हजार व अन्य सामान लूटने पर भी अभी संशय बना हुआ है। प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शव पर किसी प्रकार की अंदरूनी चोट के निशान नहीं मिलने से पूरी जांच बिसरा रिपोर्ट पर आकर ठहर गई है। महिला के पति ने अपने पड़ोसी शिवकुमार उर्फ मोनू पर हत्या के बाद लूट की वारदात अंजाम देने का शक जताया था। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। पति ऋषिराम के शक जताने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। दोनों परिवारों में करीबी रिश्ता जानकारी के अनुसार ऋषिराम और आरोपी मोनू दोनों परिवारों के बीच आपस में करीबी रिश्ता है। दोनों के घर भी आमने- सामने हैं। ऐसे में अब केवल एक ही सवाल है हत्या या मौत। हत्या लूट के लिए की गई या इसके पीछे कोई अन्य कारण छुपे हैं। मौके को देखकर यह तो स्पष्ट हो चुका हैं कि वारदात के समय किसी प्रकार की जोर- जबरदस्ती या हाथापाई तो नहीं हुई। मौत के बाद आरोपी रातभर गांव में रहा। पोस्टमार्टम के समय गायब रहने और फोन पर हुई बातचीत के बाद परिवार का शक हुआ और ब्यान दर्ज करवाने तक शक पुख्ता होने पर एफआईआर में नाम दर्ज करवा दिया। जानिए क्या था पूरा मामला गांव फतेहगढ़ निवासी सुमन 16 नवंबर को अपने घर पर अकेली थी। पति रिषीराम व बेटा सुरेंद्र जुलाना दुकान पर गए हुए थे। घर में किसी प्रकार की हलचल दिखाई नहीं देने और गाय का चारा-पानी नहीं करने पर पड़ोसी महिला ने बेटे को फोन किया। रिषीराम के कहने पर पड़ोसी महिला को सुमन बेड पर बेसुध पड़ी मिली। जिसकी सूचना उसने फोन पर बेटे और पति को दी। सूचना के बाद घर पहुंचे परिजन उसे लेकर जुलाना नागरिक अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सुबह अंतिम संस्कार से पहले बेटे को गले पर निशान दिखाई दिए। जिसके बाद जांच करने पर अलमारी से कैश व गहने गायब मिले। जिसके बाद परिवार ने घटना की सूचना पुलिस को दी और 3 डॉक्टरों के बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया। जल्द होगी आरोपी की गिरफ्तारी जुलाना थाना प्रभारी कमल ने बताया कि मृतका सुमन के पति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। मौत क्यों और कैसे हुई यह बिसरा रिपोर्ट और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल पाएगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। उम्मीद है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।